हिंदी
BPSC और दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने की जिद पर अड़े छात्र (Img: X)
Patna: बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर दिखाई दे रहा है। 70वीं BPSC संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा और 1,799 पदों वाली दरोगा मुख्य परीक्षा को रद्द कर दोबारा कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने बड़ा आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। छात्र गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास तक मार्च निकालने की तैयारी में हैं। ऐसे में पटना में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था भी चुनौती बन सकती है।
प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान के गेट नंबर-10 के पास जुट रहे हैं। यहां से छात्र जेपी गोलंबर की ओर बढ़ेंगे और इसके बाद मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश करेंगे। छात्रों के तय रूट में फेजर रोड, डाकबंगला चौराहा, कोतवाली थाना, तारामंडल, इनकम टैक्स गोलंबर, बिहार म्यूजियम और बेली रोड शामिल हैं। प्रदर्शनकारी साफ तौर पर कह रहे हैं कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- 6 करोड़ से बना सरकारी आवास, फिर भी कर्मचारियों को जगह नहीं; अंदर रह रहा नजायज तरीके से एक परिवार, किसकी मेहरबानी
दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर छात्रों की नाराजगी की बड़ी वजह मई 2026 में हुई मुख्य परीक्षा है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की इस परीक्षा में करीब 35,857 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद पूर्णिया और गया में कदाचार और प्रश्नपत्र वायरल होने से जुड़े मामले सामने आए। पूर्णिया के एक परीक्षा केंद्र पर एक शिक्षक पर प्रश्नपत्र की तस्वीर खींचकर उसे भेजने का आरोप लगा। मामले में पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार किया।
बताया गया कि आरोपी के मोबाइल से कुछ डेटा डिलीट किया गया था, जिसकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
विवाद बढ़ने के बाद आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने मामले की जांच अपने हाथ में ली। इसके लिए विशेष जांच दल यानी SIT भी बनाया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि मामला केवल एक-दो केंद्रों तक सीमित था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था। वहीं BPSSC की ओर से दावा किया गया है कि प्रश्नपत्र परीक्षा समाप्त होने के बाद वायरल हुआ था। हालांकि छात्रों का कहना है कि केवल जांच पर्याप्त नहीं है। अगर परीक्षा में गड़बड़ी साबित होती है तो पूरी परीक्षा रद्द कर नए सिरे से परीक्षा कराई जानी चाहिए।
ये भी पढ़ें- घर-दुकानों के सामने नहीं लगने देंगे खंभे! बिहारगंज में हाईटेंशन लाइन पर बवाल, SDO से हुई झड़प
छात्रों की मांग केवल दरोगा भर्ती परीक्षा तक सीमित नहीं है। 70वीं BPSC संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर भी अभ्यर्थी कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
Location : Patna
Published : 15 September 2026, 1:30 PM IST