हिंदी
पटना में छात्रों का प्रदर्शन (Img: AI Generated Image)
Patna: BSSC परीक्षा के इंतजार में बैठे अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देता नजर आ रहा है। फॉर्म भरने के करीब तीन साल बाद भी परीक्षा नहीं होने से नाराज उम्मीदवार मंगलवार को भारी बारिश के बीच पटना की सड़कों पर उतर आए। गांधी मैदान के गेट नंबर-12 से शुरू हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों का गुस्सा खुलकर सामने आया और एक अभ्यर्थी के बयान ने माहौल की गंभीरता को दिखा दिया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने करीब तीन साल पहले परीक्षा के लिए फॉर्म भरा था, लेकिन अब तक परीक्षा आयोजित नहीं की गई। लंबे इंतजार के कारण उम्मीदवारों का कहना है कि उनकी उम्र और समय दोनों निकल रहे हैं, जबकि भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही। मंगलवार को गांधी मैदान के पास बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जमा हुए। बारिश के बावजूद उनका प्रदर्शन जारी रहा। हाथों में तिरंगा लेकर छात्र अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने की कोशिश करते दिखे।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों में काफी नाराजगी देखने को मिली। एक उम्मीदवार ने अपनी पीड़ा और गुस्सा जाहिर करते हुए कहा, “सरकार भूखे मरना चाहती है, पुलिस ही मार दे।” इस बयान से साफ दिखा कि परीक्षा के लंबे इंतजार को लेकर छात्रों में किस तरह की बेचैनी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि नौकरी की उम्मीद में उन्होंने तैयारी की, समय लगाया और परीक्षा फॉर्म भरा, लेकिन भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है।
ये भी पढ़ें- परीक्षा रद्द नहीं हुई तो पटना में बड़ा आंदोलन! BPSC और दरोगा अभ्यर्थियों ने सीएम हाउस घेरने का किया ऐलान
प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थी पुलिस की ओर से लगाई गई बैरिकेडिंग के पास पहुंच गए। कई उम्मीदवार बैरिकेडिंग पर चढ़ते हुए भी नजर आए। छात्रों का कहना है कि वह लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं और अब उनके पास सड़क पर उतरने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। हालांकि अभ्यर्थियों ने अपने आंदोलन को ‘मौन आंदोलन’ बताया। उनका कहना है कि वे अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि अगर उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया गया तो वे वहीं डटे रहेंगे। अभ्यर्थियों की मुख्य मांग परीक्षा आयोजित कराने को लेकर है। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में देरी का सीधा असर उन युवाओं पर पड़ रहा है, जो लंबे समय से नौकरी की तैयारी कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- आजम खां की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुईं! जौहर ट्रस्ट पर 500 करोड़ से ज्यादा की वसूली की तैयारी
अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई। डाकबंगला और जेपी गोलंबर समेत प्रमुख इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। पुलिसकर्मी हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और ढाल समेत दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ नजर आए।
Location : Patna
Published : 15 September 2026, 2:25 PM IST