हिंदी
भागलपुर में पैतृक संपत्ति पर अपनों का डाका (Img- AI)
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर से एक ऐसा पारिवारिक विवाद और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहाँ सगे भाई के ही विश्वासघात ने पूरे परिवार की नींद उड़ा दी है। बरारी थाना क्षेत्र के एसएम कॉलेज रोड (छोटी खंजरपुर) निवासी संजीव रंजन सिंह ने अपने सगे बड़े भाई राजीव रंजन सिंह पर धोखाधड़ी कर पैतृक ज़मीन का सौदा करने और भू-माफियाओं से गठजोड़ का गंभीर आरोप लगाया है। सुरक्षा और न्याय की गुहार लेकर पीड़ित अब सीधे जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के पास पहुँच गया है।
संजीव रंजन सिंह के अनुसार, एसएम कॉलेज रोड स्थित मकान और ज़मीन उनकी स्वर्गीय मां शिव कुमारी सिंह के नाम पर दर्ज है। पिता कृष्ण देव सिंह ने इस संपत्ति को बनवाया था।
माता-पिता के जाने के बाद दोनों भाइयों के बीच भागलपुर, कटिहार और दिल्ली की संपत्तियों का कोई कानूनी बंटवारा नहीं हुआ है। आरोप है कि बड़े भाई ने लालच में आकर बिना पारिवारिक बंटवारे, बिना सीमा (चौहद्दी) तय किए और बिना दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) कराए ही पूरी ज़मीन का एग्रीमेंट एक भू-माफिया से कर दिया।
धोखाधड़ी की पोल तब खुली जब आदमपुर निवासी निलेश सिंह नाम का शख्स कुछ लोगों के साथ पीड़ित के घर आ धमका। उसने दावा किया कि उसने राजीव रंजन सिंह को 21 लाख रुपये देकर जमीन का एग्रीमेंट अपने नाम करा लिया है और अब वह संपत्ति पर कब्जा करेगा। जब पीड़ित संजीव ने कागजात देखने चाहे, तो आरोपी ने हथियार लहराते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, घर में रह रहे किरायेदारों को भी तुरंत मकान खाली करने की चेतावनी दी गई।
पीड़ित का आरोप है कि उनका बड़ा भाई पहले भी कई लोगों को इसी तरह झांसे में रखकर ज़मीन के नाम पर लाखों रुपये का एडवांस ऐंठ चुका है। आए दिन अनजान लोग घर पहुँचकर ज़मीन पर अपने हक का दावा करते हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में जी रहा है।
पीड़ित ने जोगसर थाने के साथ-साथ जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उनके परिवार व किरायेदारों की जान-माल की पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
Location : Bhagalpur
Published : 7 August 2026, 3:54 PM IST