हिंदी
नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन
Jharkhand: झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम डोडा की भारी खेप पकड़कर तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। देर रात चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने दो चार पहिया वाहनों से करीब 324 किलो अवैध अफीम डोडा बरामद किया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस को देखते ही दोनों वाहनों के चालक और तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए।
चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के देल्हो इलाके से सिमरिया की ओर दो वाहनों में भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नागर गोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम को तुरंत चतरा-सिमरिया रोड पर चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने मुख्य मार्ग पर कई जगहों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
जांच अभियान के दौरान चतरा की ओर से आ रही एक अर्टिगा और एक होंडा अमेज कार पुलिस को संदिग्ध लगी। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक गाड़ी रोकने के बजाय तेजी से भागने की कोशिश करने लगे। जब उन्हें लगा कि अब बच निकलना मुश्किल है तो दोनों वाहनों के चालक और उसमें सवार तस्कर गाड़ियां छोड़कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन रात के अंधेरे में तस्कर हाथ नहीं आ सके।
तस्करों के फरार होने के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अर्टिगा वाहन से 169 किलो और होंडा अमेज कार से 155 किलो अवैध अफीम डोडा बरामद किया गया। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए। पुलिस का मानना है कि यह खेप हजारीबाग की ओर भेजी जा रही थी, जहां से इसे दूसरे राज्यों तक पहुंचाने की तैयारी थी। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि तस्करों का नेटवर्क काफी बड़ा और संगठित हो सकता है।
गर्मी का असर: झारखंड में स्कूलों के समय में बदलाव, सुबह 7 बजे से चलेंगी कक्षाएं
एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि जिले में नशा तस्करों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस को तस्करों के नेटवर्क और उनके संपर्कों से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं। जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि चतरा पुलिस युवाओं को नशे से बचाने और जिले को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का फोकस सिर्फ मादक पदार्थ पकड़ने पर नहीं बल्कि पूरे नेटवर्क को खत्म करने पर है।
Location : Jharkhand
Published : 21 May 2026, 3:42 PM IST