मुजफ्फरनगर में नशे के सबसे बड़े रैकेट का भंडाफोड़ : कार में मिले 11 लाख नशीले कैप्सूल, पूछताछ में खुला करोड़ों का राज

मुजफ्फरनगर पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये कीमत के 11 लाख 66 हजार से ज्यादा प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर एक कार और गोदाम से भारी मात्रा में नशे की खेप पकड़ी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 20 May 2026, 3:56 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar : जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है। यह फर्जी लाइसेंस और फर्जी फर्म के सहारे करोड़ों रुपये की प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई कर रहा था। ऑपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान के तहत खालापार थाना पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये कीमत के 11 लाख 66 हजार 400 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई एक्सटर कार भी जब्त कर ली है।

गहरा बाग मार्ग पर चेकिंग के दौरान खुला राज

पुलिस के मुताबिक 19 मई को थाना खालापार पुलिस गहरा बाग मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान HR 10 LW 9950 नंबर की एक कार को रोककर तलाशी ली गई। कार के अंदर दो बड़े गत्ते के कार्टून मिले। पूछताछ में कार सवार अश्वनी शर्मा और विनोद कुमार ने बताया कि इनमें “स्पासमोर” कंपनी के प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल हैं, जिनका इस्तेमाल नशे के रूप में किया जाता है।

जांच में पता चला कि आरोपी अश्वनी शर्मा पहले से एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया।

मुजफ्फरनगर पुलिस का बड़ा एक्शन… एनकाउंटर में कुख्यात बदमाश आबिद गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

गोदाम में छिपाकर रखी गई थी नशे की बड़ी खेप

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सुजडू गांव के पास एक खंडहरनुमा गोदाम पर छापा मारा। यहां से 52 और कार्टून बरामद किए गए। मौके से यशपाल ग्रोवर नाम के आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक यह गैंग फर्जी फर्म और फर्जी दस्तावेजों के जरिए गोरखपुर से ट्रांसपोर्ट के माध्यम से नशीली दवाएं मंगवाता था और फिर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, मेरठ, सहारनपुर, शामली और यूपी के कई जिलों में सप्लाई करता था।

गैंगस्टर और प्रॉपर्टी सीजर की तैयारी

एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस अब इस गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और प्रॉपर्टी सीजर की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सवेरा के तहत अब तक करोड़ों रुपये के नशे के कारोबार पर कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क में अब तक कुल 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले में आगे भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की गई है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  20 May 2026, 3:53 PM IST

Advertisement