हिंदी
बीजेपी मुख्यालय में पीयूष गोयल
New Delhi: नई दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में गुरुवार दोपहर उस समय हलचल तेज हो गई जब केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया विदेश यात्रा को लेकर बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 15 मई से 20 मई 2026 तक चले पांच देशों के दौरे को भारत के लिए ऐतिहासिक और रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बताया।
पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा पूरी कर 21 मई को भारत लौट आए हैं। इस पूरे दौरे का मकसद सिर्फ कूटनीतिक संबंध मजबूत करना नहीं था, बल्कि भारत के लिए दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना, विदेशी निवेश आकर्षित करना और भविष्य की तकनीकों में वैश्विक साझेदारी को मजबूत करना भी था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का हर देश में बेहद गर्मजोशी के साथ स्वागत हुआ। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ किसी नेता का स्वागत नहीं था, बल्कि दुनिया की नजर में भारत की बढ़ती ताकत और भरोसे का सम्मान था। गोयल ने कहा कि आज पूरी दुनिया प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों को सम्मान की नजर से देख रही है। उन्होंने कहा कि मोदी ने अपने इस दौरे से यह स्पष्ट संदेश दिया है कि आज भारत मजबूती के साथ दुनिया के सामने खड़ा है और वैश्विक मंच पर उसकी भूमिका लगातार बढ़ रही है।
पीयूष गोयल ने बताया कि इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने 50 से अधिक बड़ी वैश्विक कंपनियों के सीईओ के साथ बैठक की। इन बैठकों में भारत में निवेश बढ़ाने और नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर, ग्रीन टेक्नोलॉजी, रिन्यूएबल एनर्जी और हाई टेक सेक्टर में भारत को बड़ा निवेश मिलने की संभावना है। सरकार चाहती है कि आने वाले समय में भारत सिर्फ बाजार न रहे बल्कि दुनिया का मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी हब बने।
गोयल ने कहा कि भारत में एलपीजी गैस हर घर तक पहुंचाने और ऊर्जा क्षेत्र को और मजबूत करने को लेकर भी कई स्तरों पर बातचीत हुई है। उन्होंने दावा किया कि दुनिया आज भारत को भरोसेमंद और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में देख रही है।
पीयूष गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की नीदरलैंड यात्रा बेहद अहम रही। इस दौरान भारत और नीदरलैंड के बीच ग्रीन एनर्जी, रिन्यूएबल ऊर्जा और बाढ़ नियंत्रण जैसे क्षेत्रों में 17 महत्वपूर्ण समझौते हुए। दोनों देशों ने जलवायु परिवर्तन और सतत विकास के मुद्दों पर साथ मिलकर काम करने पर सहमति जताई। गोयल ने कहा कि आने वाले समय में इन समझौतों का फायदा भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरणीय विकास को मिलेगा।
स्वीडन दौरे को लेकर पीयूष गोयल ने कहा कि यह भारत के लिए गर्व का पल था। वहां प्रधानमंत्री मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि स्वीडन के साथ रक्षा, नवाचार, उच्च तकनीक और व्यापार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने टेक्नोलॉजी आधारित साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में कई अहम फैसले लिए हैं।
नॉर्वे दौरे को लेकर पीयूष गोयल ने बताया कि यह ऐतिहासिक यात्रा रही क्योंकि 43 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने नॉर्वे का दौरा किया। ओस्लो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर और किंग हेराल्ड पंचम ने किया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों के रिश्तों में नई मजबूती आएगी। ऊर्जा, समुद्री सहयोग और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर दोनों देशों ने साझा रणनीति पर चर्चा की।
यात्रा के आखिरी चरण में प्रधानमंत्री मोदी इटली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ साझा रणनीतिक कार्य योजना 2025-29 की समीक्षा की। पीयूष गोयल ने बताया कि भारत और इटली ने 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 23.2 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। दोनों देशों के बीच क्रिटिकल मिनरल्स, समुद्री परिवहन, कृषि, उच्च शिक्षा और वित्तीय अपराधों के खिलाफ सहयोग को लेकर कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
Location : New Delhi
Published : 21 May 2026, 2:52 PM IST
Topics : bjp India Diplomacy Narendra Modi Piyush Goyal UAE