भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर पीयूष गोयल का बड़ा बयान, कहा- किसानों को नुकसान नहीं, लेकिन…पढ़ें और क्या बोले मंत्री

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बड़ा बयान दिया है। जीरो ड्यूटी, कम टैरिफ और किसानों को पूरी सुरक्षा के साथ यह डील भारतीय निर्यातकों के लिए नए अवसर खोलेगी।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 7 February 2026, 3:00 PM IST
google-preferred

New Delhi: देश की सियासत और अर्थव्यवस्था के बीच एक बड़ा फैसला ऐसा आया है, जिसने विरोधियों की बोलती बंद कर दी है और समर्थकों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर जहां सवाल खड़े किए जा रहे थे, वहीं अब केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसा बयान दिया है, जिसने साफ कर दिया है कि यह करार किसी के दबाव में नहीं, बल्कि भारत के हितों को ध्यान में रखकर किया गया है। सरकार का दावा है कि किसानों से लेकर MSME तक, किसी का नुकसान नहीं होगा।

जीरो ड्यूटी से खुलेगा निर्यात का रास्ता

पीयूष गोयल ने कहा कि आने वाले समय में कई भारतीय निर्यात वस्तुओं को जीरो ड्यूटी का बड़ा फायदा मिलने वाला है। इसमें कृषि और खाद्य उत्पाद जैसे मसाले, नारियल, चाय, कॉफी, काजू, फल और सब्जियां शामिल हैं। इसके अलावा सिल्क प्रोडक्ट्स, जेम्स एंड डायमंड, जेनेरिक फार्मास्युटिकल्स और स्मार्टफोन पर भी अमेरिका में शून्य शुल्क लगेगा, जिससे भारतीय निर्यातकों को सीधे अमेरिकी बाजार में बढ़त मिलेगी।

किसानों और डेयरी सेक्टर को पूरी सुरक्षा

वाणिज्य मंत्री ने दो टूक कहा कि मूंगफली, मक्का, सोयाबीन, शहद, माल्ट, डेयरी, मीट और पोल्ट्री उत्पादों पर किसी भी तरह की रियायत नहीं दी गई है। साथ ही जेनेटिकली मॉडिफाइड उत्पादों को भारत में एंट्री की इजाजत नहीं होगी। गोयल ने दावा किया कि किसानों, डेयरी सेक्टर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है।

50 फीसदी से 18 फीसदी हुआ टैरिफ

पीयूष गोयल ने बताया कि पहले भारत पर लगाए गए 50 प्रतिशत प्रतिशोधी टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है, जो चीन और वियतनाम जैसे प्रतिस्पर्धी देशों से भी कम है। उन्होंने कहा कि 30 ट्रिलियन डॉलर की अमेरिकी अर्थव्यवस्था अब भारतीय निर्यातकों के लिए खुल चुकी है और भारत को Most-Favoured-Nation का दर्जा मिलेगा।

विकसित भारत 2047 की दिशा में बड़ा कदम

गोयल ने कहा कि यह समझौता पूरी तरह निष्पक्ष और संतुलित है। टेक्सटाइल, लेदर, खिलौने, खेल सामग्री, एयरक्राफ्ट पार्ट्स, मशीनरी, सेमीकंडक्टर और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों को इससे बड़ा फायदा होगा। उन्होंने इसे विकसित भारत 2047 की यात्रा का ऐतिहासिक दिन बताया और कहा कि यह दिन स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 7 February 2026, 3:00 PM IST

Advertisement
Advertisement