Jharkhand News: 100 साल पुरानी जैन तीर्थंकर प्रतिमा चोरी का 2 घंटे में खुलासा, 50 लाख की मूर्ति बरामद

चतरा जिले में पुलिस ने 100 साल पुरानी जैन तीर्थंकर प्रतिमा चोरी मामले का महज दो घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इटखोरी थाना क्षेत्र स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से चोरी हुई करीब 50 लाख रुपये मूल्य की अष्टधातु से बनी 24 तीर्थंकर प्रतिमा को पुलिस ने बरामद कर लिया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 21 May 2026, 2:46 PM IST
google-preferred

Chatra: झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने 100 साल पुरानी जैन तीर्थंकर प्रतिमा चोरी मामले का महज दो घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इटखोरी थाना क्षेत्र स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से चोरी हुई करीब 50 लाख रुपये मूल्य की अष्टधातु से बनी 24 तीर्थंकर प्रतिमा को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

थाना प्रभारी की तत्परता से खुला मामला

इस मामले का खुलासा इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह की तत्परता और सटीक सूचना तंत्र की मदद से संभव हो सका। पुलिस ने चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। एसपी अनिमेश नैथानी ने बताया कि 20 मई को इटखोरी निवासी ताराचंद जैन की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

गुप्त सूचना पर आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मयूरहंड थाना क्षेत्र निवासी आरोपी संदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई दुर्लभ जैन प्रतिमा बरामद कर ली गई।

गांजे के नशे में की थी चोरी

एसपी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी चेन स्मोकर और नशे का आदी है। उसने गांजे के नशे में मंदिर से प्रतिमा चोरी की थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी की मूर्ति को बेचने के लिए दिल्ली के करोलबाग जाने की तैयारी में था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर बड़ी धार्मिक धरोहर को सुरक्षित बरामद कर लिया।

धार्मिक धरोहर की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता

एसपी अनिमेश नैथानी ने कहा कि जिले की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। इस तरह के मामलों में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

इस कार्रवाई में इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, एसआई दुखीराम महतो, एएसआई ओम प्रकाश यादव, आरक्षी अर्जुन कुमार और चालक रविकांत सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों और जैन समाज ने सराहना की है।

 

Location :  Jharkhand

Published :  21 May 2026, 2:46 PM IST

Advertisement