हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Jharkhand: झारखंड के जमशेदपुर से सटे पूर्वी सिंहभूम जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। घाटशिला थाना क्षेत्र की कसीदा न्यू कॉलोनी में एक युवक अपनी मां के शव के साथ करीब तीन दिन तक घर में रहा।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात स्थानीय लोगों ने घर से तेज दुर्गंध आने की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घर के अंदर उमा गोस्वामी नाम की महिला मृत अवस्था में मिलीं। उन्हें घाटशिला अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका का छोटा बेटा गोवर्धन गोस्वामी उनके साथ रहता था, जबकि बड़ा बेटा गिरधारी दुमका में रहता है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद गोवर्धन तीन दिनों तक अपनी मां के शव के साथ घर में रहा और सामान्य तरीके से बाहर आता-जाता रहा।
उमा गोस्वामी घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में गोवर्धन ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की है। आरोप है कि मां ने सुबह उसे अस्पताल छोड़ने के लिए कहा था, जिस पर विवाद हो गया।
पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के दौरान गोवर्धन ने कथित तौर पर लकड़ी के डंडे से मां के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को एक कमरे में बंद कर दिया और खुद दूसरे कमरे में रहने लगा।
स्थानीय लोगों को जब घर से दुर्गंध आने लगी तो उन्होंने उमा गोस्वामी की बेटी प्रमिला गोस्वामी को इसकी जानकारी दी। बेटी के घर पहुंचने पर उसे शक हुआ और उसने घाटशिला पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने पर घर का दरवाजा खोला गया, जहां महिला का तीन दिन पुराना शव बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Jharkhand
Published : 23 September 2026, 11:19 AM IST