हिंदी
मास्टरमाइंड हमजा बुरहान ढ़ेर
New Delhi: साल 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड हमजा बुरहान को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के मुताबिक इस हमले में उसकी मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान को उस समय निशाना बनाया गया, जब वह अपने ऑफिस में मौजूद था।
जानकारी के अनुसार हमजा बुरहान पाकिस्तान में खुद को शिक्षक बताकर रह रहा था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड में वह कई आतंकी गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। उस पर आतंकियों को ट्रेनिंग देने और सीमा पार घुसपैठ कराने में मदद करने के आरोप थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह पीओके में सक्रिय आतंकी नेटवर्क से लंबे समय से जुड़ा हुआ था।
14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में CRPF के 40 से ज्यादा जवान शहीद हो गए थे। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। जांच एजेंसियों के अनुसार हमजा बुरहान उन लोगों में शामिल था, जिन्होंने हमले की साजिश रची थी।
पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के कैंप को निशाना बनाकर बड़ी कार्रवाई की थी। इस ऑपरेशन को पुलवामा हमले का जवाब माना गया था।
फिलहाल हमजा बुरहान पर हमला करने वाले अज्ञात हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पाकिस्तान या पीओके प्रशासन की ओर से भी इस मामले पर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सुरक्षा एजेंसियां घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
Location : New Delhi
Published : 21 May 2026, 3:18 PM IST
Topics : Balakot Airstrike Hamza Burhan Shot Dead POK News Pulwama Attack Mastermind Pulwama terror Attack
No related posts found.