झारखंड के लातेहार में सनसनीखेज मामला: शिकारी बनकर गया था युवक, लेकिन खुद हो गया शिकार, पेड़ के नीचे मिली लाश

झारखंड के लातेहार जिले में शिकार खेलने गए 42 वर्षीय युवक रामेश्वर उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 18 May 2026, 3:10 PM IST
google-preferred

Latehar News: झारखंड के लातेहार जिले में एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बालूमाथ थाना क्षेत्र के बालू पंचायत अंतर्गत कलकलिया टोला में हुई इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय रामेश्वर उरांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रात में गांव के कुछ लोगों के साथ जंगल में शिकार खेलने गया था, लेकिन देर रात उसकी गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

रात में ग्रामीणों के साथ जंगल गए थे

जानकारी के मुताबिक, रामेश्वर उरांव रात में खाना खाने के बाद गांव के अन्य लोगों के साथ जंगल की ओर निकले थे। गांव में शिकार खेलने की परंपरा के तहत सभी लोग जंगल गए थे। इसी दौरान अचानक एक फोन कॉल ने पूरे गांव को हिला दिया। पंचायत के मुखिया पति संतु उरांव ने बताया कि उन्हें बलदेव उरांव का फोन आया था। फोन पर उसने घबराई आवाज में कहा कि “हमसे गलती हो गई है, एक व्यक्ति को गोली लग गई है।” इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। यह सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।

जंगल में महुआ पेड़ के नीचे मिला शव

सूचना मिलने के बाद परिजन, ग्रामीण और पुलिस मिलकर जंगल में युवक की तलाश में जुट गए। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद गांव के पास जंगल में एक महुआ पेड़ के नीचे रामेश्वर उरांव का शव पड़ा मिला। शव खून से लथपथ था और आसपास का दृश्य देखकर ग्रामीण दहशत में आ गए। खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

छाती में लगी थी गोली, पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मृतक की छाती में गोली लगी थी, जिससे उसकी मौत हुई। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं गांव में घटना के बाद भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Location :  Latehar (Jharkhand)

Published :  18 May 2026, 3:10 PM IST

Advertisement