हिंदी
अल्मोड़ा से दिल्ली लौटते वक्त बारातियों की एक कार खाई में गिर गई। इस दुखद हादसे में 11 माह के एक मासूम समेत तीन लोगों की जानें चली गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए। घायलों में मृतक मासूम के माता-पिता भी शामिल हैं।
अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा
Almora: विवाह समारोह सकुशल संपन्न हो गया, लेकिन जश्न उस समय फीका पड़ गया, जब बारातियों की एक कार अल्मोड़ा से दिल्ली लौटते वक्त खाई में गिर गई। इस दुखद हादसे में 11 माह के एक मासूम समेत तीन लोगों की जानें चली गई, जबकि पांच अन्य घायल हैं।
घायलों में मृतक मासूम के माता-पिता भी शामिल हैं। सोमेश्वर थाना पुलिस के अनुसार, बुधवार को ताकुला ब्लॉक के झिझाड़ गांव निवासी हरीश राम की बेटी की शादी थी। बारात दिल्ली के उत्तम नगर से आई थी। बारात में दो बसें और चार कार शामिल थीं।
विवाह समारोह के बाद गुरुवार को बारात दिल्ली के लिए वापस लौट रही थी, लेकिन शाम के वक्त बसौली से करीब दो किलोमीटर दूर चुराड़ी बैंड के पास दिल्ली नंबर की कार खाई में गिर गई। ड्राइवर कार पर नियंत्रण खो गया था।
हादसे की सूचना पर पुलिस ने घायलों को रेस्क्यू किया और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने 44 वर्षीय मंजू देवी पत्नी गोपाल राम निवासी कांडे ताकुला, 50 वर्षीय दिनेश राम पुत्र तिल राम निवासी झिझाड़ ताकुला और 11 माह के मासूम रिहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि रिहान की मां 23 वर्षीय जया पत्नी और उसके पिता महेश निवासी थपलिया घायल हैं। कांडे गांव निवासी वाहन चालक गोपाल राम, संजय और अर्जुन निवासी फतेहपुर बेरी साउथ दिल्ली भी घायल हैं। एसएसपी चंद्रशेखर आर घोड़के ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
अरविंद केजरीवाल समेत उन 23 आरोपियों के नाम, जिनको कोर्ट ने शराब घोटाले में किया बरी
हादसे का पता लगने पर कुछ ग्रामीण कार की तरफ दौड़े। उन्होंने कार के शीशे तोड़ और आसपास की झाड़ियों को हटाकर घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसके बाद अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। बड़ी मुश्किल से कार के अंदर के घायलों को बाहर निकाला गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश सिंह बिष्ट ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया।
हल्द्वानी के चंदन अस्पताल में इलाज के नाम पर खेल? जानिए क्यों मचा हड़कंप
सड़क हादसे ने जहां शादी का उल्लास फीका कर दिया, वहीं 11 माह के मासूम रिहान की मौत से हर कोई दुखी है। रिहान का अगले माह ही पहला जन्मदिन था। पूरा परिवार उसके पहले जन्मदिन को लेकर काफी उत्साहित था, लेकिन उसके इस तरह मौत के ग्रास में समा जाने से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। खुशियों की जगह मातम छाया हुआ है।