हल्द्वानी के चंदन अस्पताल में इलाज के नाम पर खेल? जानिए क्यों मचा हड़कंप

हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज रोड स्थित चंदन अस्पताल पर अवैध शुल्क वसूली और लापरवाही के गंभीर आरोपों के बाद जिला प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। मरीजों से सात दिन में साक्ष्य मांगे गए हैं।

इलाज के नाम पर चल रहे कथित खेल ने अब बड़ा रूप ले लिया है। एमबी इंटर कॉलेज रोड पर स्थित चंदन अस्पताल को लेकर सामने आए गंभीर आरोपों ने जिला प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। मरीजों और उनके परिजनों का दावा है कि अस्पताल में इलाज के नाम पर मनमानी फीस वसूली जा रही थी, जरूरत से ज्यादा जांचें लिखी जा रही थीं और लापरवाही के मामले भी सामने आए।

तीन सदस्यीय जांच समिति गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। इस कमेटी में अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शामिल किया गया है। समिति को साफ निर्देश दिए गए हैं कि अस्पताल की फीस संरचना, इलाज की प्रक्रिया, मेडिकल मानकों और मरीजों से जुड़े सभी रिकॉर्ड की गहराई से जांच की जाए।

प्रशासन ने बोला

प्रशासन ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा हर मामला बेहद संवेदनशील होता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच टीम को अस्पताल के दस्तावेज, बिलिंग रिकॉर्ड, इलाज से संबंधित फाइलें और मरीजों की शिकायतों को बारीकी से खंगालने के निर्देश दिए गए हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे। उन्हें पारदर्शिता के साथ रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी ने कहा

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति के पास अस्पताल से जुड़ी कोई शिकायत, अनुभव या सबूत हैं। वह सात दिनों के भीतर प्रशासन को दे सकता है। बयान मौखिक हो या लिखित, दोनों ही जांच प्रक्रिया में दर्ज किए जाएंगे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

जांच पर टिकी सबकी नजर

फिलहाल पूरे शहर की नजर इस जांच पर टिकी है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि सच्चाई सामने आएगी और अगर कोई गड़बड़ी हुई है तो जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई होगी। प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं में जवाबदेही तय करने और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। जिससे भविष्य में इलाज के नाम पर किसी के साथ अन्याय न हो सके।

Location : 
  • नैनीताल

Published : 
  • 26 February 2026, 10:22 PM IST

Advertisement
Advertisement