हिंदी
मुखानी में चोरों की अजीब करतूत (Img- Envato)
Haldwani: चोरी की घटनाएं तो आए दिन सुनने को मिलती हैं, लेकिन उत्तराखंड के मुखानी क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां चोर सिर्फ सोने-चांदी के जेवर ही नहीं ले गए, बल्कि एक परिवार का 30 साल पुराना वो जज्बाती रिश्ता भी चुरा ले गए जिसे माँ की आखिरी निशानी माना जाता था। आनंदपुरी फेज तीन के रहने वाले 67 वर्षीय सतीश कुमार के घर हुई इस चोरी ने पुलिस के साथ-साथ पूरे इलाके को हैरान कर दिया है।
घटना 26 जुलाई की है, जब सतीश कुमार अपने परिवार के साथ घर में होने वाली एक शादी की खरीदारी के लिए बाजार गए थे। घर से निकलते समय उन्होंने कमरों के दरवाजे तो बंद किए, लेकिन मुख्य द्वार और रसोई का दरवाजा खुला छोड़ दिया।
इसी लापरवाही का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हो गए। अगले दिन जब अलमारी खोली गई तो पायलें और चांदी के सिक्के गायब मिले, लेकिन परिवार का कलेजा तब बैठा जब उन्होंने अलमारी का सबसे खास कोना खाली देखा।
इस चोरी का सबसे दर्दनाक पहलू वह हरा रंग का बॉक्स है, जिसे सतीश कुमार की माँ ने 1996 में अपने निधन से ठीक पहले उन्हें सौंपा था। मां ने कहा था कि इसमें कुछ आभूषण हैं, लेकिन परिवार ने श्रद्धा और मां के प्रति सम्मान के चलते पिछले 30 सालों से उस बॉक्स को खोला तक नहीं था। परिवार के लिए वह महज एक डिब्बा नहीं, बल्कि मां की सांसों और दुआओं की अमानत थी, जिसे चोरों ने एक झटके में पार कर दिया।
घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई तो एक संदिग्ध महिला घर के अंदर जाती और कुछ देर बाद बाहर निकलती हुई दिखाई दी। मुखानी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मुख्य मार्ग और आसपास के घरों के कैमरों को खंगालकर उस महिला की पहचान करने में जुटी है, ताकि इस अनोखी चोरी का खुलासा हो सके।
Location : Haldwani
Published : 30 July 2026, 9:53 AM IST