हिंदी
रामनगर के पीरूमदारा में आखिर उस रात क्या हुआ जिसने सबको दहला दिया? दरांती से खुद का गला काटने वाले युवक के पीछे नशे की लत थी या ‘भूत-प्रेत’ का साया? मां के सामने ही बेटे के इस खौफनाक कदम ने खड़े किए कई सवाल। आखिर क्यों प्रदीप ने अपनी ही जान लेने की कोशिश की?
युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती (Img: Internet)
Ramnagar: पीरूमदारा क्षेत्र के धर्मपुर ओलिया गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए दरांती से अपना गला काटने का प्रयास किया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लहूलुहान हालत में युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवददाता के अनुसार, घटना देर रात की बताई जा रही है, जब धर्मपुर ओलिया निवासी प्रदीप सिंह रावत ने अपने घर के आंगन में रखे एक धारदार दरांती को उठाया और अचानक अपने ही गले पर वार करना शुरू कर दिया। उस वक्त प्रदीप की मां गोदाम्बरी देवी घर के अंदर काम कर रही थीं। जैसे ही वह बाहर आईं, अपने बेटे को खून से लथपथ देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
मा ने तुरंत शोर मचाया और अपने छोटे बेटे दीपक रावत को मदद के लिए पुकारा। दोनों ने बड़ी मुश्किल से प्रदीप के हाथ से दरांती छीनी, लेकिन घायल प्रदीप वहां से भागकर पास के एक खेत में जाकर लेट गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जब खेत में पहुंची, तो प्रदीप वहां गंभीर हालत में पड़ा मिला और उसकी मां उसके पास बैठकर रो रही थी। पुलिस ने बिना देरी किए 108 एम्बुलेंस को बुलाया और घायल युवक को रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, गले पर गहरा घाव होने के कारण अत्यधिक खून बह चुका था, जिसके चलते उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत हायर सेंटर भेज दिया गया है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदीप सिंह रावत पिछले काफी समय से नशे का आदी था। परिवार वालों का कहना है कि नशे के कारण उसका मानसिक संतुलन भी प्रभावित हो रहा था और पिछले कुछ दिनों से उसका व्यवहार काफी असामान्य हो गया था। प्रदीप बार-बार अपने परिवार से यह कहता था कि उस पर किसी 'भूत-प्रेत' का साया है, जिससे वह डरा और परेशान रहता था। इसी मानसिक तनाव और नशे की लत के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस इस मामले को नशे और मानसिक तनाव से जोड़कर देख रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को अस्पताल भिजवाया और अब घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।