हिंदी
रामनगर में LPG Crisis को लेकर हंगामा
Ramnagar: रामनगर में रसोई गैस की भारी किल्लत के चलते उपभोक्ताओं का धैर्य अब जवाब दे गया है। रविवार को बड़ी संख्या में परेशान उपभोक्ताओं ने इंडेन गैस एजेंसी के कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया और गैस प्रबंधक दीपक कुमार आर्य का घेराव किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि डीएसी (DAC) कोड आने के बावजूद उन्हें महीनों से सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ताओं और गैस प्रबंधक के बीच तीखी झड़प भी हुई, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि गैस की कमी ने उनके दैनिक जीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।
गैस की इस किल्लत का सबसे ज्यादा असर पर्व-त्योहारों पर देखने को मिल रहा है। प्रदर्शन में शामिल मुस्लिम समाज की महिलाओं ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि ईद जैसे बड़े त्योहार के दिन भी उनके पास गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं था। इस कारण उन्हें मजबूरी में चूल्हे पर खाना बनाना पड़ा, जिससे त्योहार की खुशियां फीकी पड़ गईं।
वहीं, एक बुजुर्ग उपभोक्ता ने बताया कि वह पिछले छह दिनों से सिलेंडर के लिए लगातार चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि उन्हें अपने बच्चों का पेट भरने के लिए होटल से खाना लाकर खिलाना पड़ रहा है।
Mainpuri News: Loan के नाम पर घूस! बैंक आफ इंडिया की शाखा बेवर मैनेजर पर 40 हजार लेने का गंभीर आरोप
हंगामे के दौरान उपभोक्ताओं ने गैस वितरण प्रणाली पर भ्रष्टाचार के बेहद गंभीर आरोप लगाए। लोगों का कहना है कि उनके इलाकों में गैस की गाड़ियां तो आती हैं, लेकिन कर्मचारी सिलेंडर देने के बजाय उन्हें वापस भेज देते हैं।
उपभोक्ताओं ने दावा किया कि जो सिलेंडर आम जनता को नहीं मिल रहे, उन्हें कथित तौर पर 1700 से 1800 रुपये में ब्लैक में बेचा जा रहा है। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें जल्द ही उचित मूल्य पर समय से गैस उपलब्ध नहीं कराई गई, तो वे गैस एजेंसी में तालाबंदी करने के लिए मजबूर होंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गैस प्रबंधक दीपक कुमार आर्य ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वर्तमान में गैस की कोई कमी नहीं है और पूरे नगर में रोस्टर के माध्यम से सिलेंडर की सप्लाई की जा रही है।
हालांकि, उन्होंने सिलेंडर ब्लैक में बेचे जाने के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इसकी गहन जांच कराई जाएगी। प्रबंधक ने कहा कि यदि वितरण कार्य में लगा कोई भी कर्मचारी दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए जल्द ही व्यवस्था सुचारू करने की बात कही है।
Location : Ramnagar
Published : 22 March 2026, 4:26 PM IST