हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img: Pinterest)
Pithoragarh: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का जो आपराधिक इतिहास सामने आया है, उसने पुलिस प्रशासन और आम जनता के होश उड़ा दिए हैं।
आरोपी ने पुलिस के सामने जो कबूलनामा किया है, वह उसकी मानसिक साइको को दर्शाता है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता होने के महज 8 घंटे के भीतर ही मासूम बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया था।
मामला 23 जून का है, जब एक पीड़ित पिता ने कोतवाली पिथौरागढ़ में अपनी पांच साल की बेटी के अचानक लापता होने की तहरीर दी थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने तुरंत चार टीमों का गठन किया। पुलिस ने शहर के करीब 20-25 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक अनजान व्यक्ति बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाता हुआ दिखाई दिया।
जांच में पता चला कि आरोपी होशियार सिंह (35 वर्ष) मासूम को एक कमांडर जीप में बैठाकर बिण के जंगलों में ले गया था, जहां उसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। इसके बाद वह बच्ची को बदहवास हालत में टनकपुर तिराहे के पास छोड़कर फरार हो गया था।
14 साल की किशोरी बनी गर्भवती, पिथौरागढ़ में चौंकाने वाला मामला
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदगी दर्ज होने के 8 घंटे के भीतर ही बच्ची को टनकपुर तिराहे के पास से बरामद कर उसका मेडिकल कराया। डॉक्टरों की टीम ने बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि की, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2), 115(2), 137(2), 351(3) और 5/6 पोक्सो (POCSO) एक्ट की बढ़ोतरी की।
इन गंभीर धाराओं के तहत दोषी पाए जाने पर मृत्युदंड या शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक आजीवन कारावास का सख्त प्रावधान है। वर्तमान में चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) और डॉक्टरों की टीम बच्ची के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रख रही है।
आरोपी होशियार सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कुल 60 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। आखिरकार 25-26 जून की रात एसआई कमलेश चंद्र जोशी की अगुवाई में टीम ने पुनेड़ी महर रोड स्थित बैंड के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बेहद चौंकाने वाला बयान दिया।
उसने कहा कि वह एक साइको है और उसका ध्यान हमेशा नाबालिग बच्चों की ओर ही जाता है। उसने पुलिस से यहां तक कह दिया कि वह जेल से छूटने के बाद फिर से यही हरकत दोहराएगा। आरोपी की इस सनक को सुनकर पुलिस टीम भी हैरान रह गई।
Uttarakhand: पिथौरागढ़ में भालू ने महिला पर किया जानलेवा हमला, जानिये कैसे बच पाई जान…
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का इतिहास बेहद खौफनाक रहा है। साल 2022 में भी उसने एक 11 साल के नाबालिग बालक का अपहरण कर उसका यौन उत्पीड़न किया था, जिसमें उसे जून 2024 में कठोर कारावास की सजा हुई थी। वह राज्य की विभिन्न जेलों में बंद रहा और इसी साल 14 मई 2026 को हरिद्वार जेल से पर्सनल बांड पर रिहा हुआ था।
जेल से बाहर आते ही उसने फिर से एक मासूम को अपनी हवस का शिकार बना डाला। एसपी पिथौरागढ़ ने बताया कि आरोपी का पुराना इतिहास देखते हुए उसकी पूरी ट्रैवल हिस्ट्री निकाली जा रही है ताकि पता चल सके कि जेल से छूटने के बाद उसने कहीं और तो ऐसी वारदातों को अंजाम नहीं दिया।
Location : Pithoragarh
Published : 27 June 2026, 9:40 AM IST