नैनीताल में 20 फीट गहरी खाई में गिरी कार, पैराफिट तोड़ते ही मची अफरा-तफरी; ऐसे बची चालक की जान

नैनीताल के मेट्रोपोल क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अचानक पैराफिट तोड़कर करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कुछ पल के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक और उसके साथ मौजूद पालतू कुत्ते की हालत को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है।

Nainital: मेट्रोपोल क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार टाटा सफारी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि वाहन खाई में और नीचे जाने के बजाय बीच में बने समतल हिस्से पर अटक गया। इसी वजह से चालक की जान बच गई और हादसा और भी गंभीर होने से टल गया।

सामने से आ रहे वाहन को बचाने में बिगड़ा संतुलन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली के नंबर प्लेट की टाटा सफारी मेट्रोपोल की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से एक अन्य वाहन आ गया। उसे बचाने की कोशिश में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते सफारी सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन तेज रफ्तार में था। सामने से आ रहे वाहन को बचाने के दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और कुछ ही सेकंड में यह हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

ये भी पढ़ें- अगर नैनीताल जा रहे हैं तो सावधान! भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच डीएम ने जारी किए सख्त निर्देश

स्थानीय लोगों ने तुरंत शुरू किया राहत कार्य

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर दिया। घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए बीडी पांडे चिकित्सालय पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि चालक स्थानीय निवासी है और उसका उपचार जारी है। हादसे के समय वाहन में चालक के साथ उसका पालतू कुत्ता भी मौजूद था। राहत की बात यह रही कि कुत्ता भी पूरी तरह सुरक्षित है।

ये भी पढ़ें- जो असली आंदोलनकारी हैं, उनका सम्मान हर हाल में होगा… आखिर क्या है नैनीताल में डीएम की बड़ी पहल?

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस आसपास के हालात और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Location :  Nainital

Published :  30 July 2026, 2:13 PM IST

Related News

Advertisement