हिंदी
आरोपी (Img: Dynamite News)
Nainital: शहर के मल्लीताल क्षेत्र स्थित स्टाफ हाउस इलाके में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध युवक को छोटे बच्चों को पैसे और खाने-पीने का सामान देकर अपने करीब लाने की कोशिश करते हुए स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पूछताछ के लिए थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 10:30 बजे एक युवक इलाके में घूम रहा था। इसी दौरान वह एक छोटी बच्ची के पीछे-पीछे सीढ़ियां चढ़ने लगा। युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर घर के लोगों ने उसे रोक लिया और पूछताछ शुरू की। लोगों का आरोप है कि वह बच्चों को पैसे और खाने का सामान देकर उन्हें अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश कर रहा था।
आज शाम आसमान में दिखेगा साल का सबसे अनोखा चांद, जानिए हर जगह क्यों है इसकी चर्चा
पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम संदीप, पिता का नाम धरम बाबू और पता ऊंचाहार, जनपद रायबरेली (उत्तर प्रदेश) बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यही युवक करीब छह महीने पहले भी इसी इलाके में देखा गया था, जिससे लोगों की शंका और बढ़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस उसके परिजनों से संपर्क करने के साथ ही उसकी पहचान और पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। अभी तक किसी आपराधिक गतिविधि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि बाहरी और संदिग्ध लोगों की नियमित निगरानी तथा सत्यापन की व्यवस्था और मजबूत की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
Location : Nainital
Published : 29 June 2026, 4:39 PM IST