मौत को छूकर लौटे रेस्टोरेंट के कारीगर, नैनीताल में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, ऐसे बचाई लोगों ने अपनी कीमती जान

नैनीताल के न्यू पालिका बाजार में शनिवार तड़के बड़ा हादसा! तमांग मोमो रेस्टोरेंट में आग लगने से फटा सिलेंडर। कर्मचारियों ने खिड़की से कूदकर बचाई जान, दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू। जानिए पूरी खबर

Nainital: झीलों की नगरी नैनीताल के मल्लीताल स्थित व्यस्त न्यू पालिका बाजार में शनिवार तड़के एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी की सांसें अटका दीं। सुबह करीब पांच बजे जब पूरा शहर गहरी नींद में सो रहा था, तब 'तमांग मोमो रेस्टोरेंट' में अचानक आग की लपटें उठने लगीं।

रेस्टोरेंट के भीतर सो रहे कर्मचारियों की जब नींद खुली, तो चारों तरफ सिर्फ धुआं ही धुआं था। मुख्य दरवाजे से बाहर निकलने का रास्ता बंद हो चुका था। कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पीछे की खिड़की तोड़ी और तिब्बती बाजार की तरफ कूदकर अपनी जान बचाई।

धमाके से कांपा पूरा बाजार

कर्मचारियों के सुरक्षित बाहर निकलते ही रेस्टोरेंट के अंदर रखा कमर्शियल गैस सिलेंडर एक जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

“चीखती रह गई बुजुर्ग महिला, कानों से बहा खून!” नैनीताल में दिनदहाड़े झपटमारी से हड़कंप, बदमाशों की तलाश तेज

सिलेंडर फटने से आग ने बेहद विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि कर्मचारी वक्त रहते बाहर निकल चुके थे, वरना कोई बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था।

दमकल की मुस्तैदी से टली बड़ी त्रासदी

घटना की खबर मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सायरन बजाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचीं। न्यू पालिका बाजार में दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई हैं, जिससे आग के दूसरे प्रतिष्ठानों में फैलने का बड़ा खतरा बना हुआ था।

दमकल कर्मियों ने लगभग एक घंटे तक आग की लपटों से सीधा मुकाबला किया और मशक्कत के बाद उस पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि, तब तक रेस्टोरेंट का सारा सामान जलकर राख हो चुका था।

Haldwani: मां ढूंढती रही लापता बेटी, पुलिस ने खंगाले CCTV कैमरे, फिर जांच में सामने आई घिनौनी वारदात

शॉर्ट सर्किट की आशंका

आग बुझाने की कोशिश में रेस्टोरेंट का एक कर्मचारी साहिल मामूली रूप से झुलस गया, जिसे तुरंत बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे डिस्चार्ज कर दिया। अग्निशमन विभाग के एफएसओ देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि शुरुआती जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट नजर आ रही है। फिलहाल हादसे से हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Location :  Nainital

Published :  31 July 2026, 10:53 AM IST

Related News

Advertisement