मौत के मुंह में पहुंचा तीर्थयात्री… मध्यमहेश्वर यात्रा में ट्रॉली पकड़ने से पहले नदी में गिरा श्रद्धालु, मचा हड़कंप

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में मध्यमहेश्वर यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी पार करने के लिए ट्रॉली का इंतजार कर रहा एक तीर्थयात्री अचानक उफनती मोरखंडा नदी में जा गिरा।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 3 August 2026, 3:07 PM IST
google-preferred

Rudraprayag: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में द्वितीय केदार भगवान मध्यमहेश्वर यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा सामने आया है। गौंडार गांव के पास मोरखंडा नदी पार करते समय एक तीर्थयात्री अचानक असंतुलित होकर तेज बहाव वाली नदी में जा गिरा। हादसा उस वक्त हुआ, जब श्रद्धालु नदी पार करने के लिए ट्रॉली में बैठने की तैयारी कर रहा था।

घटना के बाद यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत नदी में गिरे यात्री को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

जान जोखिम में डालकर बचाई जान

मौके पर मौजूद ग्रामीणों और अन्य तीर्थयात्रियों ने साहस दिखाते हुए नदी में उतरकर घायल श्रद्धालु को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर लाया गया। बताया जा रहा है कि यात्री को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद आगे की चिकित्सा व्यवस्था के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से हेली रेस्क्यू की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें- सावन की पहली सोमवारी बनी आखिरी यात्रा… बाबा के दर्शन के बाद घर नहीं लौट सके श्रद्धालु, आखिर ऐसा क्या हुआ?

लकड़ी का पुल बहने के बाद बढ़ी परेशानी

जानकारी के अनुसार, मोरखंडा नदी पर बना अस्थायी लकड़ी का पुल बारिश और तेज बहाव के कारण बह गया है। इसके बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को नदी पार करने के लिए ट्रॉली का सहारा लेना पड़ रहा है। ट्रॉली में बैठने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हो रहे हैं, जिससे यात्रा मार्ग पर भीड़ और जोखिम दोनों बढ़ गए हैं। इसी दौरान यह हादसा सामने आया है। स्थानीय लोग लंबे समय से सुरक्षित व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

घायल यात्री के हेली रेस्क्यू की तैयारी

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घायल तीर्थयात्री के हेली रेस्क्यू के लिए नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को पत्र भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पहले घायल को रासी तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, जिसके बाद जरूरत पड़ने पर उसे हेलीकॉप्टर से उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जाएगा।

ये भी पढ़ें- जन्मदिन पर घर लौटने की जगह पहुंची मौत की खबर… कैंची धाम गए प्रिंस के साथ रास्ते में क्या हुआ?

यात्रा मार्ग की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद मध्यमहेश्वर यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बरसात के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में नदी और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। प्रशासन लगातार यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है। श्रद्धालुओं से कहा जा रहा है कि मौसम खराब होने पर जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें और यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें।

Location :  Rudraprayag

Published :  3 August 2026, 3:07 PM IST

Related News

Advertisement