“अभी बारिश थमने वाली नहीं”, रुद्रप्रयाग में 2 दिन से मूसलाधार बारिश, सिरोबगड़ में हाईवे पर गिर रहे बोल्डर

रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पहाड़ों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नदी-नाले उफान पर हैं तो कई जगह पहाड़ियों से मलबा और बड़े बोल्डर सड़कों पर गिर रहे हैं। सिरोबगड़ में ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे प्रभावित है और एक अन्य मोटर मार्ग भी बंद हो गया है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 27 September 2026, 2:20 PM IST
google-preferred

Rudraprayag: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले करीब 20 घंटे से बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार पानी बरसने के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगह पहाड़ियों से मलबा और बोल्डर गिरने लगे हैं। इसका सीधा असर सड़क यातायात पर पड़ा है।

राजमार्ग से लेकर राज्य मार्ग और ग्रामीण सड़कों तक कई रास्ते बाधित हो गए हैं। सबसे ज्यादा परेशानी ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामने आ रही है।

सिरोबगड़ में हाईवे पर गिर रहा मलबा

ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के सिरोबगड़ क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर गिर रहे हैं। इसके चलते हाईवे कई स्थानों पर बाधित चल रहा है। बारिश लगातार जारी रहने के कारण पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- तीन दिन से बारिश और तेज हवा का कहर, खेतों में बिछी धान की फसल; किसान बोले- अब कौन खरीदेगा?

प्रशासन और संबंधित विभाग मार्ग को सुचारु करने के लिए स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हालांकि, लगातार बारिश के कारण सड़क खोलने के काम में भी परेशानी आ रही है। यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

गणेश-रमशी मार्ग भी बंद

रुद्रप्रयाग जिले में गणेश-रमशी मोटर मार्ग पर भी बारिश का असर देखने को मिला है। यहां पहाड़ी से मलबा और बोल्डर आने के कारण सड़क बंद हो गई है। इससे स्थानीय लोगों और यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। बारिश के कारण कई अन्य छोटे मार्गों पर भी खतरा बढ़ गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के दौरान भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका बनी रहती है।

ये भी पढ़ें- नेपाल से छूटे लाखों क्यूसेक पानी से सहमा कुशीनगर, खड्डा और पनियहवा के निचले इलाकों में मंडराया बाढ़ का बड़ा खतरा

केदारनाथ पैदल यात्रा रोकी गई

मौसम को देखते हुए केदारनाथ पैदल यात्रा को अगले आदेश तक रोक दिया गया है। जो यात्री जिस स्थान पर हैं, उन्हें फिलहाल वहीं सुरक्षित जगहों पर रोकने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा बताई जा रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में प्रशासन फिलहाल मौसम खुलने का इंतजार कर रहा है।

बताया जा रहा है कि रुद्रप्रयाग में 26 सितंबर की सुबह करीब चार बजे से बारिश लगातार जारी है और अभी इसके थमने के संकेत नहीं हैं। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और सड़क मार्ग से सफर करने वालों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।

Location :  Rudraprayag

Published :  27 September 2026, 2:20 PM IST

Advertisement