हिंदी
चलती बस पर अचानक गिरा बोल्डर
Rudraprayag: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर रुद्रप्रयाग के रेंटोली क्षेत्र के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। रुद्रप्रयाग से ऋषिकेश की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक बस जब रेंटोली के पास पहुंची, तभी ऊपर पहाड़ी से अचानक एक भारी-भरकम बोल्डर बस की छत पर आ गिरा। बोल्डर गिरते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि एक बड़ा हादसा होने से टल गया और यात्री बाल-बाल बच गए।
घटना में बस के अंदर बैठे कुछ यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला। सभी घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें उनके गंतव्य स्थानों की ओर भेज दिया गया। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार लोग काफी सहमे हुए थे, लेकिन सही समय पर मदद मिलने से स्थिति को संभाल लिया गया।
आपको बता दें कि उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में पिछले 48 घंटे से अधिक समय से मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है। इस वजह से जगह-जगह नदियां और नदी-नाले उफान पर आ चुके हैं।
बारिश के कारण कई जगह सड़क मार्ग और लूप लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। सिरोबगड़ में लगातार पहाड़ी दरकने से ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बार-बार बाधित हो रहा है। सड़क पर हर जगह छोटे-बड़े पत्थर गिर रहे हैं, जिससे हाईवे पर वाहनों का आवागमन बेहद खतरनाक हो गया है।
बारिश और भूस्खलन का असर केदारनाथ यात्रा पर भी पड़ा है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चिरबासा के पास ऊपर पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है।
संबंधित विभाग द्वारा मार्ग से मलबा और बोल्डर हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक पहाड़ों से पत्थर गिरना पूरी तरह बंद नहीं हो जाता, तब तक यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोककर रखा जाएगा। स्थिति सामान्य होते ही यात्रा फिर से शुरू कर दी जाएगी।
Location : Rudraprayag
Published : 28 September 2026, 11:08 AM IST