हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Envato)
Dehradun: रिश्ते जब भरोसे से बनते हैं तो इंसान बेफिक्र हो जाता है, लेकिन जब वही भरोसा सबसे बड़ा जाल बन जाए, तो अंजाम खौफनाक होता है। देहरादून के चर्चित रेखा बंसल हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस की जांच में जो सच्चाई सामने आई है, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है। जिस घर की सुरक्षा पर परिवार आंख मूंदकर भरोसा करता था, उसी घर का 15 साल पुराना कर्मचारी विनीत कुमार ही हत्यारा निकला।
पुलिस पूछताछ में विनीत ने अपराध की पूरी परतें खोलीं। उसने बताया कि वह लंबे समय से दिनेश बंसल के परिवार के लिए काम कर रहा था। पिछले कुछ समय से उसकी मेहनत की मजदूरी का पैसा बकाया था। विनीत बार-बार अपने हक के पैसे मांग रहा था, लेकिन रकम न मिलने से उसके भीतर नाराजगी और गुस्सा धीरे-धीरे आग की तरह सुलग रहा था। इसी गुस्से के तहत उसने अपनी बकाया रकम वसूलने का मन बनाया।
घटना वाले दिन विनीत ने बहुत ही शातिराना योजना बनाई। वह सबसे पहले दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित किताबों की दुकान पर गया। वहां से उसने बड़ी सफाई से मालिक की ही स्कूटी ली और सीधे उनके घर की तरफ रवाना हो गया। विनीत पिछले 15 सालों से परिवार का बेहद करीबी था, इसलिए उसे घर के चप्पे-चप्पे और वहां की आदतों की पूरी जानकारी थी। उसे पता था कि घर का पिछला दरवाजा अक्सर खुला रहता है। उसने मुख्य गेट से जाने के बजाय इसी खुले दरवाजे का फायदा उठाया और चुपचाप अंदर दाखिल हो गया।
घर में घुसते ही विनीत का सामना अकेली मौजूद रेखा बंसल से हुआ। विनीत ने सीधे अपनी बकाया मजदूरी के पैसे मांगे। जब रेखा बंसल ने पैसे देने से मना किया, तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। गुस्से से बेकाबू होकर विनीत ने अपने हाथ में पहने लोहे/धातु के कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर जोरदार वार कर दिया। कड़े के प्रहार से चेहरा और नाक लहूलुहान हो गए और रेखा बंसल बिस्तर पर गिरकर दर्द से चिल्लाने लगीं।
चिल्लाने की आवाज सुनकर कोई पड़ोस का व्यक्ति न आ जाए या पोल न खुल जाए, इस डर से विनीत घबरा गया। उसने अपनी करतूत छिपाने के लिए रेखा बंसल का मुंह और नाक अपने हाथों से कसकर दबा दिया। वह तब तक मुंह दबाए रहा जब तक कि उनके शरीर में हलचल पूरी तरह बंद नहीं हो गई। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कबूलनामे और क्राइम सीन से मिले सबूतों का मिलान कर आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।
Location : Dehradun
Published : 5 September 2026, 9:07 AM IST