नैनीताल में लगातार बारिश से प्रशासन अलर्ट, करीब दो दर्जन ग्रामीण सड़कें बंद

नैनीताल जिले में लगातार बारिश के चलते प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ चौकियां सक्रिय कर दी गई हैं, जबकि करीब दो दर्जन ग्रामीण सड़कें मलबे के कारण बंद हैं। सड़कों को खोलने के लिए मशीनें तैनात की गई हैं।

Nainital: जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंगलवार को जिले में बारिश से उत्पन्न स्थिति और राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। सभी बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन की टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

लगातार बारिश से आवागमन प्रभावित

लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में कई संपर्क मार्गों पर मलबा आने से आवागमन प्रभावित हुआ है। जिलाधिकारी के अनुसार, करीब दो दर्जन ग्रामीण सड़कें अवरुद्ध होने की सूचना है। बंद मार्गों को खोलने के लिए संबंधित स्थानों पर जेसीबी और अन्य मशीनें तैनात कर दी गई हैं।

बारिश थमते ही सड़कों से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने का अभियान तेजी से चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण एजेंसियों को बंद सड़कों को जल्द से जल्द खोलने के निर्देश दिए हैं।

नैनीताल में भारी बारिश ने मचाई तबाही, नाले के तेज बहाव में बह गई 3 साल की मासूम, तलाश के बाद मिला शव

डीएम ने की आमलोगों से अपील

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नदी-नालों, जल स्रोतों और तेज बहाव वाली बरसाती धाराओं के किनारे रहने वाले लोग फिलहाल घरों के भीतर रहें और सुरक्षित स्थान पर रहें। उन्होंने लोगों से कॉजवे और बरसाती नालों को पार करने या उनके आसपास जाने का जोखिम नहीं उठाने की अपील की।

नैनीताल में बारिश का रौद्र रूप! सड़कें मलबे से बंद, नदियों का जलस्तर बढ़ा; प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

पर्यटकों और यात्रियों को दिशा-निर्देश

पर्यटकों और यात्रियों से भी सुरक्षित यात्रा करने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा उपायों का पालन करने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि राहत एवं बचाव दल 24 घंटे मुस्तैद हैं और बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Location :  nainital

Published :  2 September 2026, 6:53 AM IST

Related News

Advertisement