हिंदी
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान (Image: Social Media)
Shamli News: शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद मामला और गरमा गया है। हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी शार्प शूटर सत्यम का धमकी भरा वीडियो सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में सत्यम की आवाज में दो लोगों की हत्या की धमकी दी जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने अंकित के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच तेज कर दी है।
बुधवार को इंस्टाग्राम पर ‘kady.4nsatyam’ नाम की आईडी से करीब 17 सेकेंड का वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में सत्यम की तस्वीर के साथ धमकी भरा ऑडियो सुनाई दे रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अकाउंट वास्तव में सत्यम से जुड़ा है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके नाम से बनाया है। जांच के दौरान इंस्टाग्राम, स्नैपचैट समेत अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सत्यम, आर्यन और गोगी गिरोह के नाम से 20 से ज्यादा अकाउंट भी सामने आए हैं। इन अकाउंट से लगातार पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। पुलिस इनकी गतिविधियों और इन्हें ऑपरेट करने वालों की पहचान कर रही है।
हरियाणा से अंकित के करीब 12 दोस्त बंतीखेड़ा गांव पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। दोस्तों ने परिजनों को सतर्क रहने की सलाह दी और आशंका जताई कि गिरोह परिवार को भी निशाना बना सकता है। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, परिवार की सुरक्षा में चार अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
अंकित हत्याकांड में आरोपी सुमित और मोहित को यूपी पुलिस चार दिन पहले मुठभेड़ में मार गिरा चुकी है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था। वहीं सत्यम और आर्यन अभी फरार हैं और दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस की टीमें चंडीगढ़ एयरपोर्ट के अलावा करनाल, पानीपत, सोनीपत और पंजाब में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू और तिहाड़ जेल में बंद रोहित को रिमांड पर लेने की तैयारी में है। पुलिस 7 सितंबर को कोर्ट में रिमांड के लिए अर्जी दाखिल करेगी। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान हत्याकांड से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।
गुरुवार को ‘भोलू शाहपुरिया’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से एक और पोस्ट सामने आई, जिसमें मुठभेड़ में मारे गए सुमित और मोहित की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए। पुलिस इस अकाउंट की वास्तविकता और पोस्ट के पीछे मौजूद लोगों की पहचान भी जांच रही है। पुलिस के अनुसार, पहले भी इसी नाम से सामने आई पोस्ट का कनेक्शन विदेश में बैठे लोगों से जुड़ा था।
26 अगस्त की शाम जिम से बाहर निकलते समय 32 वर्षीय अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
Location : Shamli
Published : 4 September 2026, 4:50 PM IST