हिंदी
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार (Source Internet)
कौशांबी: चिल्ला शहबाजी गांव में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी शकील को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तारी के बाद शकील भावुक होकर हाथ जोड़ते हुए नजर आया। उसने कहा, "मेरा घर गिर गया है, मेरे बच्चे भी इधर-उधर हो गए हैं। जिन लोगों के घरों के बच्चे इस हादसे में मरे हैं, उन सभी से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं।"
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात मंझनपुर के हंजापुर रोड (दीवार कोतारी) गांव के पास सदर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक से आ रहे एक संदिग्ध को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई।
पकड़ा गया आरोपी शकील महमूदपुर मनौरी का रहने वाला है और अवैध पटाखा फैक्ट्री के मालिक नौशाद का भाई बताया जा रहा है। सोमवार को चिल्ला शहबाजी गांव में हुए विस्फोट में 14 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आईजी की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने शकील के पास से बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। डीएसपी मंझनपुर सौरभ सामंत ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में आर्थिक लाभ के लिए साथियों और परिजनों के साथ मिलकर अवैध पटाखा और विस्फोटक सामग्री बनाने व जमा करने की बात स्वीकार की है।
एसपी सत्यनारायण प्रजापत के अनुसार, इस मामले में नामजद मुख्य आरोपियों समेत अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
Location : Kaushambi
Published : 5 September 2026, 9:06 AM IST
Topics : Chilla Shahbaji Explosion Kaushambi Firecracker Factory Blast Kaushambi News Shakil Arrested Uttar Pradesh crime news