हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Rudrapur: उत्तराखंड के रुद्रपुर में बेखौफ बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। किच्छा बाइपास रोड के पास रात के अंधेरे में बदमाशों ने एक स्कूटी सवार युवक को घेरकर लूटपाट का प्रयास किया।
जब पीड़ित युवक ने अपनी मेहनत की कमाई की स्कूटी देने से मना किया, तो बदमाशों ने दरिंदगी की हदें पार करते हुए उसके सिर पर तमंचे के बट से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ हो गया।
वारदात खेड़ा वार्ड 19 के रहने वाले हर्षित वाल्मीकि के साथ हुई। हर्षित गुरुवार रात अपने निजी काम से स्कूटी पर निकला था। रास्ते में बाइक सवार चार बदमाशों संदीप उर्फ चिड़ी, राज, क्रिश और कृष्णा ने उसका रास्ता रोक लिया।
सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद भी हर्षित ने हिम्मत नहीं हारी और जैसे-जैसे स्कूटी स्टार्ट कर भागने लगा। इस पर बौखलाए बदमाशों ने उसे मारने की नीयत से पीछे से दो राउंड गोलियां दाग दीं। गनीमत रही कि गोलियां हर्षित को नहीं लगीं और वह बाल-बाल बच गया।
फायरिंग और धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख चारों बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से रफूचक्कर हो गए।
घटना के बाद बदहवास स्थिति में पीड़ित कोतवाली पहुंचा और पुलिस को आपबीती सुनाई। सूचना मिलते ही एसएसआई खुशवंत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए।
बड़ी खबर: उत्तराखंड के पीपलकोटी में THDC सुरंग धंसी, कई मजदूर फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले और लूट के प्रयास की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।
Location : Rudrapur
Published : 4 September 2026, 12:12 PM IST