हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Dehradun: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। देहरादून में सोमवार देर शाम हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने प्रदेश में दो सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को देहरादून के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, 1 सितंबर को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और हरिद्वार को वॉच श्रेणी में रखा गया है।
2 सितंबर को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
सोमवार रात तेज बारिश के बाद रायपुर रोड, सर्वे चौक, राजपुर रोड, करनपुर, परेड ग्राउंड, दून अस्पताल और घंटाघर चौक समेत कई इलाकों में पानी भर गया। सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन रेंगते नजर आए। आपदा कंट्रोल रूम में द्रोणपुरी इलाके से भी जलभराव की शिकायत पहुंची, जिसके बाद क्विक रिस्पॉन्स टीम को मौके पर भेजा गया।
भारी बारिश के चलते रायपुर क्षेत्र में मलबा आने से गुच्चूपानी-गंडक मार्ग बंद हो गया। सड़क पर मिट्टी और पत्थर आने के कारण आवाजाही प्रभावित हुई। जिला आपदा प्रबंधन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
वहीं सहसपुर के छरबा में एक मकान पर बिजली गिरने की घटना सामने आई। हालांकि राहत की बात रही कि इसमें किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
सहस्रधारा से सटे मजाड़ा-कार्लीगाड़ क्षेत्र के ग्रामीण भी लगातार बारिश को लेकर चिंतित हैं। शहर में रहने वाले लोग फोन के जरिए गांव में अपने घर और परिवार की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।
जलभराव और सड़कों की खराब स्थिति के कारण टैक्सी और ऑटो चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चालकों के मुताबिक कई इलाकों में सड़क पर गड्ढे और खुले नालों के कारण रात के समय आवाजाही जोखिम भरी हो जाती है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में अगस्त महीने में सामान्य 498.4 मिमी के मुकाबले करीब 518.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के बीच अगले दो दिनों के अलर्ट ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। लोगों को जलभराव और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Location : Dehradun
Published : 1 September 2026, 10:30 AM IST