हिंदी
देहरादून के डोईवाल में रविवार को हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति की ओर से विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवाओं ने भाग लिया।
हिंदू सम्मेलन में वक्ताओं ने दिए बडे़ संदेश
Dehradun: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति की ओर से डोईवाला में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवाओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने हिंदू समाज को संगठित, जागरूक और संस्कारित बनने का आह्वान करते हुए सामाजिक समरसता, सेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने पर बल दिया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह विभाग कार्यवाह मनोज ने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन और संकल्प का अवसर है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज जब संगठित होता है तो राष्ट्र सशक्त बनता है। हमें जाति, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर राष्ट्रधर्म को अपनाना होगा। सेवा, संस्कार और सुरक्षा – यही संघ का मूल मंत्र है। उन्होंने युवाओं से समाजहित में आगे आने और चरित्रवान नेतृत्व तैयार करने का आह्वान किया।
डोईवाला में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन
धर्माचार्य राधेश्याम नौटियाल ने अपने संबोधन में इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदू समाज की शक्ति उसकी संस्कृति और परंपराओं में निहित है। जब-जब हम बंटे, तब-तब कमजोर हुए और जब एकजुट हुए तो दुनिया ने हमारी ताकत को स्वीकार किया। आज आवश्यकता है कि हम अपनी जड़ों से जुड़ें और आने वाली पीढ़ी को सनातन मूल्यों से परिचित कराएं। उन्होंने परिवार और समाज में नैतिक शिक्षा पर विशेष जोर दिया।
ममता कुंवर ने महिलाओं और युवतियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज निर्माण में मातृशक्ति की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। नारी केवल घर की आधारशिला नहीं, बल्कि संस्कारों की पहली गुरु है। यदि महिलाएं सशक्त और जागरूक होंगी तो पूरा समाज स्वतः मजबूत होगा।” उन्होंने महिला सहभागिता बढ़ाने और सेवा कार्यों में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
सम्मेलन में भाग लेते हिंदू समाज के लोग
सम्मेलन के दौरान हर ज्ञानचंद सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह में उत्साह भर दिया। अंत में सभी ने हिंदू समाज की एकता, राष्ट्र सेवा और सामाजिक समरसता के लिए कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। सम्मेलन ने डोईवाला में संगठन और राष्ट्रभावना की नई ऊर्जा का संचार किया।
सम्मेलन में विधायक बृजभूषण गैरोला, राधे श्याम नौटियाल, राजवीर खत्री, सुभाष कृषाली, महेश गुप्ता, कुलजीत सिंह, राममूर्ति ताई, राजेंद्र तड़ियाल, चंद्रभान पाल, ओमकार नारंग, ममता नयाल, मनीष वत्स, कारण बोरा, मनीष यादव, उषा कोठारी, सम्पूर्ण सिंह रावत, ईश्वरचंद्र अग्रवाल, आनंद राणा, सम्पूर्ण थपलियाल, अविनाश सिंह आदि रहे।