हिंदी
यूपी में सड़क हादसों में लगाम नहीं लग पा रही है। नतीजतन आये दिन निर्दोष लोग सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं। ताजा मामले में रविवार को चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में एक बेलगाम ट्रक ने साइकिल सवार युवक को मौत की नींद सुला दिया। वहीं साथ जा रही महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
सड़क हादसे ने मचाया कोहराम
Chandauli: जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शाहूपुरी एनडीआरएफ आफिस के समीप घटना बेलगाम ट्रक ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी जिससे साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है। हादसा अलीनगर थाना क्षेत्र के शाहूपुरी एनडीआरएफ आफिस के समीप हुआ। मृतक की पहचान अलीनगर थाना क्षेत्र के भुजहुआ गांव निवासी सोहन (30) के रूप में हुई है।
आरोपी चालक पुलिस हिरासत में
हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया।
हादसे के बाद मौके पर जुटी आक्रोशित भीड़
जानकारी के अनुसार मृतक सोहन अपनी भाभी को साइकिल से लेकर बाजार जा रहा था। शाहूपुरी स्थित एनडीआरएफ कार्यालय के समीप वे सड़क किनारे रुककर बात कर रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोहन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी भाभी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विलाप करते मृतक के परिजन
जानकारी के अनुसार मृतक सोहन वेल्डिंग का काम करता था। वह अपने पीछे चार बेटियां छोड़ गया है, जिनकी उम्र लगभग 10 वर्ष, 8 वर्ष, 4 वर्ष और 6 माह है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में आगे की कार्रवाई की जा रही है। दोषी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।