चारधाम यात्रा से लौटते समय बड़ा हादसा: देवप्रयाग में गंगा में गिरी कार, तीन महिलाएं अब भी लापता

देवप्रयाग के पास चारधाम यात्रा से लौट रही श्रद्धालुओं की कार गंगा में गिर गई। हादसे में कई लोगों की मौत हुई, जबकि तीन महिलाएं अब भी लापता हैं। गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय आयुष्मान को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 5 June 2026, 10:10 AM IST
google-preferred

Devprayag: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने राजस्थान के जैसलमेर के दो परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। चारधाम यात्रा से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई और गंगा नदी में समा गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन और राहत एजेंसियां लगातार बचाव एवं खोज अभियान में जुटी हुई हैं।

सात दिन में पूरी करने की कोशिश पड़ी भारी

जानकारी के अनुसार उत्तराखंड नंबर की कार 27 मई को आठ यात्रियों को लेकर चारधाम यात्रा पर निकली थी। उत्तराखंड सरकार और प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कम से कम 10 दिनों का यात्रा शेड्यूल निर्धारित किया है, ताकि चालक को पर्याप्त आराम मिल सके और पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।

हालांकि यह वाहन निर्धारित समय से पहले ही यात्रा पूरी कर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे यात्रियों ने बदरीनाथ धाम के दर्शन किए और उसी दिन वापस लौटते हुए देवप्रयाग पहुंच गए। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि यात्रा को जल्द पूरा करने की जल्दबाजी और चालक की थकान हादसे की बड़ी वजह हो सकती है।

ऋषिकेश होटल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, कई युवक-युवतियां पुलिस हिरासत में, कई बड़े राज सामने आने के आसार

घायल आयुष्मान को एयरलिफ्ट कर भेजा गया एम्स

हादसे में गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय आयुष्मान का इलाज पहले श्रीनगर बेस अस्पताल में किया गया। डॉक्टरों की दो दिन की कड़ी मेहनत के बाद उसकी हालत में सुधार आया और उसे होश भी आ गया। हालांकि वह अभी पूरी तरह बोल नहीं पा रहा है।

बेस अस्पताल के आईसीयू नर्सिंग इंचार्ज विवेक त्यागी के अनुसार आयुष्मान के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक पैर में फ्रैक्चर भी है। हालत स्थिर होने के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए हेली सेवा के माध्यम से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।

ऋषिकेश में बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप, हरियाणा के युवकों को भीड़ ने घेरकर पीटा

तीन महिलाओं की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीमें

हादसे के बाद से लापता श्रद्धालुओं की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। अब तक गंगा नदी से चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तीन महिलाएं अभी भी लापता हैं। थाना प्रभारी प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि एसडीआरएफ, पुलिस और गोताखोरों की टीम गंगा में गुड्डी देवी, जाह्नवी और नम्रता की तलाश कर रही है।

प्रशासन का कहना है कि जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

Location :  Devprayag

Published :  5 June 2026, 10:09 AM IST

Advertisement