Crime in Haridwar: सैन्य अधिकारी और उनकी पत्नी पर जानलेवा हमला, जानिये क्या था मामला

हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को आर्मी के मेजर और उनकी पत्नी पर हमले का मामला सामने आया है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

हरिद्वार: जनपद  के सुमननगर कॉलोनी में सेना के एक मेजर और उनकी पत्नी पर हमले का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पड़ोस में रहने वाली कुछ महिलाओं के साथ विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई। इस हमले में मेजर को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें चेहरे पर आठ टांके लगाने पड़े हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुमननगर गली नंबर 5 निवासी महिला ने बताया कि उनके पति सेना में मेजर पद पर तैनात हैं और वर्तमान में गांधीनगर में सेवाएं दे रहे हैं। वे छुट्टियों में घर आए हुए थे। महिला के मुताबिक, कॉलोनी से सटी ग्रीन वैली फेज-8 में रहने वाली कुछ महिलाओं के बीच अक्सर आपसी झगड़े होते रहते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार महिला ने बताया कि 12 मई की शाम जब वह टहल रही थीं, तभी ग्रीन वैली की दो महिलाओं ने उन्हें देखकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर महिलाओं ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया और नुकीली चीज से हमला भी किया, जिससे उन्हें चोटें आईं।

महिला का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पति को फोन किया तो आरोपित महिलाओं ने उनका मोबाइल भी छीन लिया।

घटना से घबराई महिला किसी तरह घर पहुंचीं और अपने पति को सारी जानकारी दी। इसके बाद जब मेजर ने महिलाओं से मोबाइल के बारे में पूछताछ की, तो दो महिलाएं और एक व्यक्ति एकत्र हो गए और मेजर पर हमला कर दिया।

मारपीट के दौरान मेजर के चेहरे पर नुकीली चीज से वार किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और अस्पताल में उन्हें आठ टांके लगाने पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।

कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही दूसरे पक्ष की ओर से भी तहरीर मिली है, जिस पर भी जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

Location : 
  • Haridwar

Published : 
  • 14 May 2025, 1:02 PM IST

Advertisement
Advertisement