अचानक कार ने खोया कंट्रोल और सीधे खाई में जा गिरी, कैंची धाम जा रहे दो युवक के साथ क्या हुआ?

नैनीताल के भवाली में कैंची धाम दर्शन के लिए निकले दो युवकों के साथ रविवार सुबह ऐसा हादसा हुआ, जिसने मौके पर मौजूद लोगों की सांसें रोक दीं। अचानक कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

Nainital: भवाली-नैनीताल क्षेत्र में रविवार सुबह कैंची धाम दर्शन के लिए जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसा भवाली चौकी से करीब दो किलोमीटर आगे हुआ। कार खाई में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ी और मौके पर भीड़ जुट गई।

गनीमत रही कि कार में सवार दोनों युवक सुरक्षित रहे। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए खाई में उतरकर दोनों को कार से बाहर निकाला। हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

गुड़गांव और रोहतक से आए थे युवक

जानकारी के अनुसार, कार भवाली से कैंची धाम की तरफ जा रही थी। कार में अमित (24), पुत्र महिपाल, निवासी हसनपुर, गुड़गांव और सौरभ (28), पुत्र रमेश शर्मा, निवासी रोहतक, हरियाणा सवार थे। दोनों युवक कैंची धाम में दर्शन के लिए निकले थे। सफर के दौरान भवाली से आगे अचानक कार चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

ये भी पढ़ें- पायल चोरी करके निकलने वाली थीं दो महिलाएं, पुलिस ने रास्ते में बिछाया ऐसा जाल कि हो गईं गिरफ्तार

लोगों की मदद से बची दोनों की जान

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना खाई में उतरकर कार सवार दोनों युवकों को बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि दोनों को किसी तरह की चोट नहीं आई। स्थानीय पुलिस के अनुसार, हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। कोतवाल प्रकाश मेहरा ने भी इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में किसी को चोट नहीं लगी।

ये भी पढ़ें- “मां सो रही है…” 10 साल के बेटे को धमकाकर भागा पति, नैनीताल में खौफनाक वारदात से मचा हड़कंप

बारिश के बीच वाहन चालकों के लिए अलर्ट

पर्वतीय इलाकों में इन दिनों बारिश का दौर जारी है। ऐसे में सड़क पर फिसलन और मोड़ वाहन चालकों के लिए चुनौती बन सकते हैं। यह हादसा भी वाहन चालकों के लिए सावधानी बरतने का संकेत है। पहाड़ी रास्तों पर वाहन चलाते समय तेज रफ्तार से बचने और मोड़ पर खास सावधानी रखने की जरूरत है।

Location :  Nainital

Published :  23 August 2026, 5:30 PM IST

Advertisement