हिंदी
उत्तराखंड के नैनीताल में ठंड लगातार बढ़ रही है। नए साल से पहले बर्फबारी की उम्मीदें तेज हो गई हैं, जिससे पर्यटकों में रोमांच और उत्सुकता बढ़ती दिखाई दे रही है। तापमान में गिरावट और शीतलहर ने शहर के मौसम को और सख्त बना दिया है।
नैनीताल की ठंड चरम पर
Nainital: नैनीताल में ठंड ने पूरी तरह दस्तक दे दी है और नए साल से पहले शहर का मौसम लगातार सख्त होता जा रहा है। सुबह और शाम के समय तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों और बाजारों में लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ रहे हैं। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
हालांकि दिन के समय नैनीताल में हल्की धूप निकल जाती है, जिससे दोपहर का मौसम कुछ हद तक सुहावना महसूस होता है। धूप के चलते पर्यटक और स्थानीय लोग झील किनारे और माल रोड पर टहलते हुए नजर आते हैं। लेकिन जैसे ही सूरज ढलता है, ठंड फिर से अपना असर दिखाने लगती है और तापमान तेजी से नीचे चला जाता है।
नैनीताल की बेटी ईरा रावत ने रचा इतिहास, SGFI नेशनल स्विमिंग में जीता सिल्वर मेडल
नए साल की तैयारियों में जुटे पर्यटकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार 31 दिसंबर को नैनीताल में बर्फबारी देखने को मिलेगी या नहीं। ठंड बढ़ने के साथ ही बर्फ गिरने की उम्मीदें भी तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर मौसम ने करवट बदली, तो आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बन सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना कम है। दिसंबर का आधा महीना बीतने के बावजूद कोई मजबूत पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड तक नहीं पहुंच पाया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि 20 से 22 दिसंबर के बीच लद्दाख और जम्मू-कश्मीर की ओर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, लेकिन उसका असर उत्तराखंड में सीमित ही रहेगा। इसी कारण यहां मौसम अभी शुष्क बना रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि क्रिसमस और नए साल के आसपास ठंड अपने चरम पर जरूर पहुंचेगी। शहर में ठंडी हवाएं चलती रहेंगी और आसमान में हल्के बादल भी दिखाई दे सकते हैं, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है। हालांकि बर्फबारी के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है।
गोरखपुर जोन में 12 घंटे का सघन अभियान, अपराधियों पर कसा शिकंजा; जानें पूरा मामला
अगर आप नए साल का जश्न मनाने नैनीताल आने की योजना बना रहे हैं, तो गर्म कपड़े जरूर साथ रखें। दिन में मौसम सामान्य रहता है, लेकिन रात के समय ठंड काफी बढ़ जाती है। स्थानीय लोग और पर्यटक दोनों ही बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब आने वाले दिनों में मौसम क्या रंग दिखाएगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।