हिंदी
अपराधियों पर कसा शिकंजा
Gorakhpur: कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से गोरखपुर जोन में 12 घंटे का विशेष सघन अभियान चलाया गया। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन के सख्त निर्देश पर 18 दिसंबर 2025 की शाम 6 बजे से शुरू होकर 19 दिसंबर 2025 की सुबह 6 बजे तक लगातार संचालित किया गया।
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से फरार चल रहे वारण्टी और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी करना था। इसके साथ ही सार्वजनिक शांति भंग करने की आशंका रखने वाले तत्वों के खिलाफ 170 बीएनएसएस के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना भी अभियान का अहम हिस्सा रहा। एडीजी जोन ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि चिन्हित अभियुक्तों के ठिकानों पर पूरी तैयारी के साथ कार्रवाई की जाए।
Deoria News: मनरेगा बंद करने पर बीजेपी और मोदी-भागवत पर भड़के अखिलेश प्रताप सिंह, गंभीर आरोप लगाया
निर्देशों के क्रम में गोरखपुर जोन के सभी जनपदों में एक साथ सुनियोजित ढंग से अभियान चलाया गया। पर्याप्त संख्या में पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों की टीमें गठित की गईं। रात्रि गश्त को तेज किया गया और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और तय रणनीति के अनुसार दबिश दी।
अभियान के दौरान गोरखपुर जोन के विभिन्न जनपदों से कुल 217 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 167 वारण्टी अभियुक्त और 50 वांछित अभियुक्त शामिल हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। इस कार्रवाई से अपराधियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
अपराध और संभावित उपद्रव को रोकने के लिए 170 बीएनएसएस के तहत भी व्यापक निरोधात्मक कार्रवाई की गई। इस दौरान 137 मामलों में कुल 232 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिससे असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगी और क्षेत्र में शांति बनाए रखने में मदद मिली।
पुष्पराज चौराहे से फ़ैज़ाबाद जेल तक निकला मार्च, जानें क्या है पूरा मामला
एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने स्पष्ट कहा कि गोरखपुर जोन में कानून तोड़ने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने बताया कि इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही आम लोगों से अपील की गई कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनी रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 19 December 2025, 5:56 PM IST
Topics : GKP news hindi Gorakhpur Dn news up news hindi