हिंदी
हैदराबाद में गोरखपुर के मजदूर की मौत (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: गीडा थाना क्षेत्र के भरसाड़ गांव निवासी 35 वर्षीय मजदूर की हैदराबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार दोपहर सड़क किनारे युवक का शव मिलने की सूचना से स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, तीन बच्चों समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
मृतक की पहचान भरसाड़ गांव निवासी मुनील गुप्ता पुत्र बनारसी गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मुनील करीब एक महीने पहले मजदूरी करने के लिए हैदराबाद गया था। वह सहजनवां थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी पेंट-पॉलिश के ठेकेदार के साथ काम करने के लिए वहां पहुंचा था। परिवार के अनुसार, रविवार रात छुट्टी के दौरान अचानक मुनील की तबीयत बिगड़ गई। उसकी हालत खराब होने पर ठेकेदार ने उसे दवा दिलाई।
2018 की हत्या का 8 साल बाद आया फैसला, गोरखपुर में नागेंद्र यादव को उम्रकैद; 22 हजार का जुर्माना
बताया जा रहा है कि तबीयत खराब होने के कारण मुनील सोमवार को काम पर नहीं गया था। इसी दौरान सोमवार दोपहर करीब दो बजे सड़क किनारे एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव को एंबुलेंस के जरिए मुनील के पैतृक गांव भरसाड़ भेजा गया।
मुनील की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर परिवार और ग्रामीणों के बीच अलग-अलग चर्चाएं हैं। हालांकि, अभी मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। अचानक हुई मौत की खबर से परिवार गहरे सदमे में है।
गोरखपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत, एक महीने बाद वाहन चालक पर FIR; पुलिस कर रही जांच
मुनील गुप्ता अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गया है। उसके तीन बच्चों में दो बेटे और एक बेटी हैं। तीनों अभी अविवाहित हैं। मुनील चार भाइयों में दूसरे नंबर का था और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मुनील की मौत की खबर मिलते ही गांव के लोग भी उसके घर पहुंचने लगे। ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 29 September 2026, 3:32 PM IST
Topics : Gorakhpur News Hyderabad news Hyderabad Worker Death Latest Gorakhpur News Uttar Pradesh News