हिंदी
मोबाइल झपटमारी के बाद ट्रेन से गिरा युवक
Ghaziabad: दिल्ली की ओर जा रही ट्रेन में एक मामूली सी लगने वाली झपटमारी की घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। गाजियाबाद और साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के बीच चलती ट्रेन से गिरकर 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि ट्रेन के दरवाजे पर बैठे युवक के हाथ से एक बदमाश ने मोबाइल फोन झपट लिया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरा। हादसे में उसका एक पैर कट गया और अधिक खून बहने के कारण उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान महाराजगंज जिले के भारत खंड पकड़ी गांव निवासी 22 वर्षीय आशीष भारती के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार आशीष दिल्ली में मजदूरी करता था और काम पर लौटने के लिए अपने चचेरे भाई विश्वनाथ तथा गांव के एक अन्य युवक कंचन के साथ ट्रेन से दिल्ली जा रहा था। तीनों युवक जनरल कोच में सफर कर रहे थे। बताया जा रहा है कि भीड़ अधिक होने के कारण आशीष ट्रेन के दरवाजे के पास बैठा हुआ था और मोबाइल फोन चला रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
महाराजगंज में होटल कारोबारी की लाखों की SUV चोरी, सुबह उठे तो उड़ गए होश
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, रात करीब 7:15 बजे गाजियाबाद और साहिबाबाद स्टेशन के बीच ट्रेन की रफ्तार कुछ धीमी हुई थी। इसी दौरान ट्रैक के किनारे मौजूद एक बदमाश ने आशीष के हाथ से मोबाइल झपट लिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से आशीष का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे जा गिरा। ट्रेन से गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका एक पैर कट गया और वह रेलवे ट्रैक पर ही तड़पता रहा।
आशीष के साथ सफर कर रहे विश्वनाथ और कंचन ने तुरंत अन्य यात्रियों से मदद मांगी। उन्होंने लोगों से चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकने की गुहार लगाई ताकि घायल युवक को तत्काल मदद मिल सके। लेकिन जनरल कोच में भारी भीड़ होने के कारण किसी ने चेन पुलिंग नहीं की। ट्रेन लगातार चलती रही और आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचकर रुकी। वहां उतरने के बाद दोनों युवक ऑटो से साहिबाबाद स्टेशन पहुंचे और आशीष के बारे में जानकारी जुटाने लगे।
गोरखपुर में चेन स्नैचिंग : रास्ता पूछने के बहाने गले से चेन झपटी, महाराजगंज भागे
साहिबाबाद स्टेशन पर उन्हें जानकारी मिली कि घायल युवक को अस्पताल भेजा गया है। इसके बाद दोनों एमएमजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि आशीष की मौत हो चुकी है। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद आशीष करीब आधे घंटे से अधिक समय तक रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा। बताया गया कि आरपीएफ उसे रात करीब 8:25 बजे अस्पताल लेकर पहुंची। यानी हादसे के लगभग एक घंटा दस मिनट बाद उसे चिकित्सा सहायता मिल सकी। स्वजन का कहना है कि यदि समय रहते युवक को अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दिल्ली और अन्य स्थानों पर रहने वाले रिश्तेदार भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं आरपीएफ ने घटना की सूचना मृतक के माता-पिता को दे दी है। एक मोबाइल फोन की झपटमारी ने कुछ ही सेकंड में एक युवक की जिंदगी खत्म कर दी और उसके परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे दिया।
Location : Ghaziabad
Published : 16 June 2026, 9:07 AM IST