हिंदी
स्कॉर्पियो
Maharajganj : जिले के फरेंदा कस्बे में वाहन चोरों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। कस्बे के वार्ड नंबर-10 स्थित विंध्यवासिनी नगर के धानी ढाला क्षेत्र में रविवार देर रात घर के बाहर खड़ी एक स्कॉर्पियो चोरी होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह जब परिवार की आंख खुली तो लाखों रुपये कीमत की SUV अपने स्थान से गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार धानी ढाला निवासी श्याम मोदनवाल स्थानीय स्तर पर होटल व्यवसाय से जुड़े हैं। उनका होटल घर से कुछ ही दूरी पर स्थित है। रविवार शाम उन्होंने अपनी काले रंग की स्कॉर्पियो (UP 56 AE 1927) घर के बगल स्थित खाली जमीन में खड़ी की थी। देर रात होटल बंद कर जब वह घर लौटे तो वाहन सुरक्षित खड़ा था। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए।
सोमवार सुबह जब परिजनों की नजर वाहन खड़े होने वाली जगह पर पड़ी तो स्कॉर्पियो गायब थी। पहले परिवार को लगा कि शायद किसी परिचित ने वाहन हटाया होगा, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उनके होश उड़ गए। परिजनों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा और थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों की मदद से वाहन चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
Location : Maharajganj
Published : 1 June 2026, 9:00 PM IST
Topics : CCTV Footage crime news Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Scorpio Theft Uttar Pradesh Crime