हिंदी
आरोपी गिरफ्तार
Gorakhpur : पीपीगंज थाना क्षेत्र में रास्ता पूछने के बहाने एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हुए दो शातिर बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छिनैती की गई चेन (पीली धातु) और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक घटना 9 जून की रात करीब 10 बजे की है। पीड़ित अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और रास्ता पूछने लगे। पीड़ित उन्हें रास्ता बताने लगा, तभी बदमाशों ने मौका देखकर उसके गले में पहनी सोने की चेन झपट ली और बाइक से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से पीड़ित और आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।
गोरखपुर साइबर ठगों का बड़ा क्रैकडाउन, मर्चेंट QR कोड से चला रहे थे करोड़ों का नेटवर्क, 3 गिरफ्तार
पीड़ित की तहरीर पर पीपीगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष पीपीगंज के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान मदन मोहन मालवीय फॉरेंसिक लैब की भी मदद ली गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर ली।
जांच के दौरान पुलिस ने महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र स्थित नरकटहा बाजार टोला रजही निवासी उमेश कुमार केवट और कृष्ण मोहन प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने चेन स्नैचिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने छीनी गई चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पीपीगंज में दर्ज मुकदमा के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक रितेश सिंह, कांस्टेबल अमरनाथ यादव, प्रभाकर सिंह, प्रांकुल, अंकित बरनवाल तथा रेडियो कांस्टेबल विक्रांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
Location : गोरखपुर
Published : 11 June 2026, 2:09 AM IST
Topics : crime news Gorakhpur News law and order UP Police