हिंदी
जनपद गोरखपुर में रविवार को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को मजबूती देने के उद्देश्य से“मिशन-शक्ति फेज-5.0” के अंतर्गत एक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए
Gorakhpur: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को मजबूती देने के उद्देश्य से जनपद गोरखपुर में “मिशन-शक्ति फेज-5.0” के अंतर्गत एक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जनपद के समस्त थानों द्वारा “बहू-बेटी सम्मेलन” का आयोजन कर चौपाल के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक अपराध/नोडल अधिकारी मिशन-शक्ति के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा एवं विश्वास का भाव पैदा करना, उन्हें कानूनी अधिकारों की जानकारी देना तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
सम्मेलन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, बालिकाएं, छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों ने संवादात्मक तरीके से महिलाओं को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं और बच्चों से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध, दहेज उत्पीड़न एवं अन्य अपराधों के संबंध में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं बिना झिझक पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। इस अवसर पर महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइनों की जानकारी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस हर समय तत्पर है और किसी भी शिकायत पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।
गोरखपुर में इस गिरोह पर पुलिस का करारा प्रहार, गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
“बहू-बेटी सम्मेलन” के माध्यम से मिशन-शक्ति अभियान ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर महिला ही मजबूत समाज की नींव है। जनपद गोरखपुर में यह अभियान महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी और सराहनीय पहल साबित हो रहा है।