गोरखपुर में लोन के नाम पर बड़ा खेल! बाप-बेटी ने बैंक से निकलवाए करोड़ों रुपये, फिर खुला पूरा राज

गोरखपुर में लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक पिता-पुत्री को गिरफ्तार किया है, जिन पर 1.67 करोड़ रुपये के ऋण की रकम हड़पने का आरोप है। जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।

Gorakhpur: गोरखपुर में बैंक लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने पिता-पुत्री को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने एक व्यक्ति को आसान लोन दिलाने का भरोसा देकर उसके नाम पर अलग-अलग बैंकों से करोड़ों रुपये का ऋण स्वीकृत करा लिया और बाद में पूरी रकम का इस्तेमाल खुद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, थाना एम्स क्षेत्र में दर्ज मामले की जांच के दौरान यह पूरा मामला सामने आया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ध्रुव नारायण सिंह और उसकी पुत्री गरिमा सिंह के रूप में हुई है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने पीड़ित को बैंक से बड़ी रकम का लोन दिलाने का लालच दिया और अपनी योजना के तहत छह अलग-अलग ऋण स्वीकृत करा लिए।

ये भी पढ़ें- Deoria News: बिहार में शराबबंदी के बीच तस्करी की बड़ी साजिश नाकाम, पुलिस ने दबोचा 19 साल का तस्कर

लोन की रकम आई तो बदला खेल

जांच में सामने आया कि आरोपितों ने पीड़ित को विश्वास दिलाया था कि लोन की पूरी जिम्मेदारी वे खुद संभालेंगे और बैंक की मासिक किस्त भी जमा करेंगे। पीड़ित उनकी बातों में आ गया और ऋण प्रक्रिया पूरी हो गई। लेकिन कुछ समय बाद जब बैंक की किस्त जमा नहीं हुई तो पीड़ित को पूरे मामले की जानकारी हुई। इसके बाद उसे पता चला कि उसके नाम पर लिए गए करोड़ों रुपये के ऋण का इस्तेमाल किसी और काम में कर लिया गया है। लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।

ये भी पढ़ें- देवरिया में शराब तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, टाटा पंच से 7 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, दो गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आए कई अहम सुराग

पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना एम्स में धोखाधड़ी और गबन समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच का एक अहम हिस्सा यह भी है कि क्या इन लोगों ने पहले भी किसी अन्य व्यक्ति को इसी तरह लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी की है।

गिरफ्तारी टीम ने की कार्रवाई

पुलिस के अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में की गई। थाना एम्स पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ध्रुव नारायण सिंह और गरिमा सिंह को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित महादेव झारखंडी, महटोलिया रोड, थाना एम्स क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह, महिला कांस्टेबल अंजु कुमारी, महिला कांस्टेबल शिवानी यादव और कांस्टेबल राजेश कुमार शामिल रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  3 August 2026, 7:27 PM IST

Advertisement