हिंदी
Symbolic Photo (IMG: Social Media)
Pilibhit: पीलीभीत के बीसलपुर कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया, जब दहेज उत्पीड़न से परेशान एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई और गले में दुपट्टा बांधकर जान देने की कोशिश करने लगी। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारी लगातार महिला को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन महिला अभी भी टावर पर मौजूद है।
शादी के बाद शुरू हुई दहेज की मांग
जानकारी के अनुसार, बीसलपुर कस्बे के मोहल्ला पटेल नगर निवासी पूरनलाल की बेटी मनीषा की शादी करेली थाना क्षेत्र के गांव दियोरिया खुर्द निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक, शादी के समय मनीषा के परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार घरेलू सामान के साथ एक ओमनी कार भी दहेज में दी थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी।महिला का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।
पति, सास और ससुर पर दर्ज है केस
मनीषा के परिवार का कहना है कि करीब एक साल पहले पति, सास और ससुर ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज में दिया गया सामान और ओमनी कार भी वापस नहीं की। इसके बावजूद महिला को लगातार परेशान किया जा रहा था।
कार्रवाई से नाराज होकर उठाया कदम
महिला का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई उसे न्यायपूर्ण नहीं लगी। इसी वजह से मंगलवार को वह बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर पहुंचने के बाद महिला ने अपना दुपट्टा टावर में बांधकर फंदा लगाने की कोशिश की। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
एसडीएम समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल के साथ एसडीएम नागेंद्र पांडेय भी मौके पर पहुंच गए। प्रशासनिक अधिकारी महिला से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की शिकायत और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन की कोशिश है कि महिला को सुरक्षित नीचे उतारा जाए और मामले में उचित कार्रवाई की जाए।
Location : Pilibhit
Published : 11 August 2026, 5:13 PM IST