संतान को जन्म देने के बाद महिला की मौत, गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में की तोड़फोड़, डॉक्टर-स्टाफ मौके से गायब

गाजियाबाद के लोनी स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद 21 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा और तोड़फोड़ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्वास्थ्य विभाग जांच करेगा।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 9 August 2026, 1:44 PM IST
google-preferred

Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोनी इलाके में एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद 21 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। महिला की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान अस्पताल में तोड़फोड़ भी की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को संभाला। वहीं, घटना के बाद अस्पताल का डॉक्टर और अन्य स्टाफ मौके से गायब मिला। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, नवजात बच्चे को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत सामान्य बताई है।

ऑपरेशन के बाद लगातार बिगड़ती रही महिला की हालत

मृतका की पहचान बागपत जिले के नवादा गांव निवासी रोशनी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, रोशनी को करीब चार दिन पहले प्रसव के लिए लोनी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को ऑपरेशन के जरिए उसने एक बेटे को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद से ही रोशनी की तबीयत खराब होने लगी थी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से इलाज पर ध्यान देने की मांग की, लेकिन समय रहते बेहतर उपचार नहीं मिल सका। इसके बाद उसकी हालत लगातार गंभीर होती चली गई।

GTB अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

रोशनी के पति सतीश ने बताया कि जब उसकी पत्नी की हालत ज्यादा बिगड़ गई तो अस्पताल प्रबंधन ने उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, वहां पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच कर रोशनी को मृत घोषित कर दिया। परिवार के लिए यह घटना बेहद दर्दनाक रही, क्योंकि रोशनी की यह पहली संतान थी। उसकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी और बेटे के जन्म की खुशी कुछ ही समय में मातम में बदल गई।

गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन वापस निजी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में हंगामा बढ़ गया और गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद होगी कार्रवाई

एसीपी लोनी राम किशन ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग भी अस्पताल की भूमिका और इलाज में हुई किसी संभावित लापरवाही की जांच करेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Location :  Ghaziabad News

Published :  9 August 2026, 1:44 PM IST

Advertisement