हिंदी
Symbolic Photo
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा स्थित बिसरख कोतवाली क्षेत्र की एक हाईराइज सोसाइटी में रहने वाली महिला ने यूपी पुलिस में कार्यरत अपने पति उपनिरीक्षक नीरज सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसके पति का एक महिला कांस्टेबल के साथ प्रेम संबंध है और जब उसने इसका विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। महिला ने बिसरख कोतवाली में पति और महिला कांस्टेबल के खिलाफ लिखित शिकायत दी है और अपनी व बच्चों की सुरक्षा की मांग की है।
"मैं यूपी पुलिस में हूं, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता"
महिला का आरोप है कि जून माह में उसे पहली बार पति के इस अवैध संबंध की जानकारी मिली थी। इसके बाद से उसका जीवन नर्क बन गया। पति रोजाना शराब पीकर घर आता और उससे मारपीट करता। विरोध करने पर वह कहता कि "मैं यूपी पुलिस में हूं, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। अगर ज्यादा बोली तो जान से मार दूंगा।"
महिला कांस्टेबल के साथ कई बार घूमने गया दरोगा
महिला का दावा है कि उसके पति नीरज सिंह अक्सर उक्त महिला कांस्टेबल के साथ हल्द्वानी, मसूरी और हरिद्वार जैसी जगहों पर घुमने जाते हैं। वह खुद कई बार पति को रंगे हाथ पकड़ चुकी है। उसने यह भी बताया कि उसके पास दोनों के आपत्तिजनक फोटो और अन्य सबूत हैं, जिन्हें वह आवश्यक होने पर पुलिस और अदालत के सामने पेश कर सकती है।
हत्या का लगने लगा डर
इतना ही नहीं महिला का आरोप है कि जब भी वह इस रिश्ते का विरोध करती है तो उसे घर से निकाल दिया जाता है और अकेले बच्चों के साथ रहने को मजबूर कर दिया जाता है। अब स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि उसे डर है कि उसका पति और महिला कांस्टेबल मिलकर उसकी हत्या कर सकते हैं या उसे लापता कर सकते हैं।
पीड़िता की मांग
पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उसे और उसके बच्चों को सुरक्षा प्रदान की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उसका कहना है कि वह अब इस व्यक्ति के साथ नहीं रहना चाहती क्योंकि उसके गलत चरित्र का असर बच्चों पर नहीं पड़ना चाहिए। गौरतलब है कि नीरज सिंह पहले सेक्टर-24 कोतवाली में एसएसआई के पद पर तैनात रह चुके हैं, जबकि महिला कांस्टेबल भी वहीं काम कर चुकी है। दोनों की नजदीकियां वहीं से शुरू हुई।
पुलिस का क्या कहना है?
मीडिया सेल प्रभारी सुबोध कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उप निरीक्षक नीरज कुमार और उक्त महिला कांस्टेबल पहले ही अलग-अलग विभागीय मामलों में निलंबित किए जा चुके हैं। वर्तमान में दोनों ही अनधिकृत रूप से अनुपस्थित हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Greater Noida
Published : 5 October 2025, 5:43 AM IST
Topics : Bisrakh Police Greater Noida Noida police UP Police