हिंदी
Symbolic Photo
Moradabad: मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस ने हनी ट्रैप के एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह पहले सीधे-साधे लोगों से दोस्ती करता, फिर मुलाकात के बहाने बुलाकर उनका आपत्तिजनक वीडियो बनाता और बाद में वायरल करने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 20,500 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
प्रॉपर्टी डील के बहाने जाल
मामला मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है। रामगंगा विहार की एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पति को सुनियोजित तरीके से हनी ट्रैप में फंसाया गया। शिकायत के मुताबिक नवंबर 2025 में एक प्रॉपर्टी मीटिंग के दौरान उनकी मुलाकात शीबा उर्फ सानिया निवासी चक्कर की मिलक से हुई थी। शीबा ने सस्ते दाम पर प्रॉपर्टी दिलाने का झांसा दिया और 20 हजार रुपये भी ले लिए।
24 फरवरी 2026 को प्रॉपर्टी दिखाने के नाम पर उन्हें जिगर कॉलोनी बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद निशा उर्फ ईशा, मुस्कान, अमन, जावेद और वसीम ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि जबरन कमरे में ले जाकर अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए गए। इसके बाद तीन लाख रुपये की मांग की गई और रकम न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई।
ऑनलाइन ट्रांसफर और दबाव
डर के कारण पीड़ित से ऑनलाइन 9500 रुपये और 400 रुपये ट्रांसफर कराए गए। आरोप है कि 50 हजार रुपये नकद भी वसूले गए। बाद में रिश्तेदारों से रुपये मंगवाने का दबाव बनाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर जांच शुरू की गई।
ऐसे फंसाते थे लोग
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह की महिला सदस्य व्हाट्सएप कॉल और फोन के जरिए लोगों से दोस्ती करती थीं। बातचीत बढ़ने पर मुलाकात तय की जाती और फिर होटल या किराये के फ्लैट में ले जाकर वीडियो बना लिए जाते। इसके बाद दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठे जाते।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि आरोपी दिल्ली भागने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने सोनकपुर पुल के नीचे चौकी फकीरपुरा क्षेत्र से छहों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य संभावित शिकारों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चा तेज है और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
Location : Moradabad
Published : 3 March 2026, 6:31 AM IST