हिंदी
वोटर लिस्ट से जुड़ा काम होगा आसान (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज में मतदाताओं के लिए जिला प्रशासन ने एक खास सुविधा शुरू की है। अब वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने से लेकर मतदाता पहचान पत्र में गलतियां ठीक कराने तक के लिए लोगों को बार-बार तहसील और दूसरे सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने होंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर महराजगंज कलेक्ट्रेट परिसर में जिला संपर्क केंद्र यानी डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर (DCC) स्थापित किया गया है। यहां जारी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल करके मतदाता अपनी समस्या का समाधान पाने के लिए जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
मतदाता सूची को दुरुस्त करने और पात्र नागरिकों को मतदान का अधिकार दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने यह पहल की है। कलेक्ट्रेट परिसर में बनाए गए जिला संपर्क केंद्र के माध्यम से मतदाताओं को चुनाव से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। अगर किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं है, किसी तरह की गलती है या फिर किसी अन्य चुनावी समस्या का सामना करना पड़ रहा है तो वह हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर सकता है।
जिन युवाओं की उम्र 18 साल पूरी हो चुकी है और अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, उनके लिए भी यह सुविधा काफी उपयोगी है। ऐसे पात्र युवा फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल करके जरूरी जानकारी और आवेदन की प्रक्रिया समझी जा सकती है।
जिला संपर्क केंद्र पर सिर्फ नया नाम जुड़वाने की जानकारी ही नहीं मिलेगी, बल्कि मतदाता सूची से नाम हटवाने और पहचान पत्र में सुधार कराने से जुड़ी सहायता भी उपलब्ध होगी। अगर किसी मतदाता की मृत्यु हो गई है या वह किसी दूसरी जगह स्थानांतरित हो गया है तो नियमानुसार नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जा सकता है।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने का काम किया जा रहा है। इस दौरान मतदाताओं से प्राप्त दावों, आवेदनों और आपत्तियों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया जाएगा। जिला प्रशासन के मुताबिक, इसके लिए 16 दिसंबर 2026 तक की समयसीमा निर्धारित की गई है। ऐसे में जिन लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाना है या किसी तरह का संशोधन कराना है, उन्हें निर्धारित समयसीमा का ध्यान रखना होगा।
जिला संपर्क केंद्र की सुविधा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर प्रचार-प्रसार कराने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इसके लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO), बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और स्वीप (SVEEP) टीम को लगाया गया है।
अगर मतदाता हेल्पलाइन पर कॉल करने के बजाय खुद ऑनलाइन आवेदन करना चाहते हैं तो उनके लिए भी सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाकर फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भरे जा सकते हैं। इसके अलावा ECINET और Voter Helpline App के माध्यम से भी आवेदन करने की सुविधा दी गई है।
Location : Maharajganj
Published : 25 November 2026, 6:53 PM IST
Topics : Election Commission Helpline 1950 Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Voter list update voter ID card