हिंदी
बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाओं और कुंवारी लड़कियों ने सिर पर पवित्र कलश रखकर गाजे-बाजे के साथ ग्राम भ्रमण किया (IMG-DYNAMITE NEWS)
Maharajganj: उत्तरप्रदेश के महाराजगंज जिले के फरेंदा विकासखंड क्षेत्र के ग्राम सभा गोपालपुर दुबे गांव में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ पूरे गाजे-बाजे के साथ हुआ है, जिसके चलते भव्य कलश यात्रा भी निकली गयी। इस धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन क्षेत्र में काफी भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है।
अनुष्ठान के पहले दिन क्षेत्र में काफी भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी(IMG-DYNAMITE NEWS)
दरअसल, महाराजगंज के फरेंदा विकासखंड क्षेत्र के गोपालपुर दुबे गांव में राजेंद्र उपाध्याय और उनकी धर्मपत्नी शान्ति देवी के तत्वावधान में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक आयोजन के पहले दिन ही गांव में उत्सव जैसा माहौल दिखाई पड़ा। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी से पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में डूब गया।
महाराज जी ने श्रीमद्भागवत महापुराण के माहात्म्य का विस्तार से वर्णन किया। (IMG-DYNAMITE NEWS)
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह सबसे पहले भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इसमें बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाओं और कुंवारी लड़कियों ने सिर पर पवित्र कलश रखकर गाजे-बाजे के साथ ग्राम भ्रमण किया। गांव के प्रमुख रास्तों से होकर गुजरी कलश यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। भगवान के जयकारों और 'हरे कृष्ण, हरे राम' के संकीर्तन से पूरा गांव गूंज उठा। कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह काफी दिव्य दिख रहा था।
कलश यात्रा के समापन के बाद कथा वाचक श्री संपूर्णानंद मिश्र महाराज, गोरखनाथ मंदिर, गोरखपुर ने दीप प्रज्वलित कर विधि-विधान से व्यासपीठ का पूजन किया। इसके बाद नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया।
यह भी पढ़े- Delhi Bomb Threat: दिल्ली में फिर हड़कंप, कनॉट प्लेस में बैंक को बम से उड़ाने की धमकी
कथा के प्रथम दिन में महाराज जी ने श्रीमद्भागवत महापुराण के माहात्म्य का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि- श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य को आध्यात्मिक शांति प्रदान करने के साथ-साथ जीवन में सदाचार और भक्ति का मार्ग दिखाता है। कलियुग में भगवान के नाम का स्मरण और कथा श्रवण को भवसागर से पार पाने का सरल माध्यम बताया गया है।
कथा के पहले ही दिन पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा नजर आया। महाराज जी के मधुर भजनों और भावपूर्ण कथावाचन ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालु पूरे मनोयोग से कथा का श्रवण करते दिखे। कार्यक्रम के अंत में भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।आयोजक राजेंद्र उपाध्याय एवं उनकी धर्मपत्नी शान्ति देवी ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमियों से नौ दिवसीय आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा श्रवण करने और धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।
Location : Maharajganj
Published : 10 November 2026, 2:07 PM IST