पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मजदूरों से भरी ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत, 16 घायल

सुलतानपुर के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मजदूरों से भरी ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौत और 16 लोग घायल हो गए। छह घायलों की हालत गंभीर है। सभी बिहार के सहरसा जिले के निवासी हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 10 November 2026, 11:54 AM IST
google-preferred

सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार की अलसुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बिहार के सहरसा जिले से मजदूरी करने जा रहे श्रमिकों से भरी ट्रॉली में पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली में सवार मजदूर उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को पहले सीएचसी कूरेभार ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर रेफर कर दिया गया।

पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की अलसुबह बिहार के सहरसा जिले के मजदूरों से भरी ट्रॉली पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। सभी मजदूर काम की तलाश में जा रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे के 118.8 किलोमीटर पर पीछे से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही ट्रॉली में सवार मजदूर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस और राहत टीम को दी।

छह घायलों की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक डॉ. जाहिर खान की टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया।

चिकित्सकों ने छह घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार भी सीएचसी कूरेभार पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली।

सभी घायल बिहार के सहरसा जिले के निवासी

हादसे में घायल लोगों की पहचान उषा पत्नी अमर यादव, सुप्रिया पुत्री अमर बहादुर, शिवम पुत्र अमर यादव, मिथलेश यादव पुत्र अंग्रेज यादव, मीनाक्षी पुत्री मिथलेश यादव, मंजू पत्नी मिथलेश, दिलखुश यादव पुत्र चीतू यादव, नवीन कुमार पुत्र मोनू शर्मा, शिवम पासवान पुत्र नारायण पासवान, भारती पत्नी शिवम पासवान, सिद्धार्थ कुमार पुत्र शिवम, सोमन शर्मा पुत्र खोनई, बादल कुमार पुत्र मनोज पासवान, सुशील यादव पुत्र अक्कड़ प्रसाद, रुदन कुमार पुत्र भोनू शर्मा, रवींद्र कुमार पुत्र भाने शर्मा और अनिल यादव पुत्र रामचंद्र के रूप में हुई है। सभी बिहार के सहरसा जिले के निवासी बताए गए हैं।

अज्ञात ट्रक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान कराने में जुटी है। इसके साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात ट्रक की तलाश भी की जा रही है। हादसे के बाद घायलों के उपचार और मामले की जांच को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Location :  Sultanpur

Published :  10 November 2026, 11:54 AM IST

Advertisement