हिंदी
196 दिनों से फरार पूर्व बीएसए शालिनी श्रीवास्तव दिल्ली से गिरफ्तार (Image Source: Dynamite News)
Gorakhpur: आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के बहुचर्चित मामले में फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी पूर्व बीएसए शालिनी श्रीवास्तव को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। करीब चार माह से अधिक समय से पुलिस को चकमा दे रही अभियुक्ता को गुलरिहा पुलिस ने नई दिल्ली से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर गोरखपुर लाया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की। कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक मदन मोहन मिश्रा व उनकी टीम ने अभियुक्ता शालिनी श्रीवास्तव पत्नी सौरभ कुमार सिन्हा निवासी आनंद नगर, बड़ी काली मंदिर, थाना कोतवाली, जनपद बलिया को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया।
मामला थाना गुलरिहा में दर्ज मुकदमा संख्या 141/2026 से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक 22 फरवरी 2026 को एक महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पति को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। साथ ही उसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी जा रही थीं। मानसिक उत्पीड़न और दबाव से परेशान होकर उसके पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण समेत अन्य गंभीर धाराओं तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
Auraiya: खेत में मिला युवक का शव, मारपीट के बाद हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
जांच के दौरान शालिनी श्रीवास्तव का नाम सामने आने पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रही थी, जिसके चलते पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लंबे समय से फरार चल रही अभियुक्ता की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही थी।
‘जो जाना चाहता है, उसे जाने दो’— 5 सांसदों के टूटने की चर्चा के बीच उद्धव ठाकरे का संदेश
आखिरकार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने नई दिल्ली में उसका सुराग लगा लिया और उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। इस गिरफ्तारी को गोरखपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना और विधिक कार्रवाई जारी है।
Location : गोरखपुर
Published : 17 June 2026, 4:38 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur Crime UP News UP Police